2021/02/17

रंगदारी नहीं देने पर ठेकेदार को मारी गोली..घर बनाने के एवज में मांगे थे 5 लाख रुपये

GAYA : गया जिले से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रहीं है।
रंगदारी नहीं देने पर घर बना रहे ठेकेदार को गोली मार दी गई। घटना शहर के रामपुर थाना क्षेत्र के एपी कॉलोनी की है। जहां बुधवार को दिनदहाड़े एक युवक को गोली मार दी गई। गंभीर हालत में उसे अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उसकी हालत चिंताजनक बताई जाती है। घायल युवक की पहचान संजीव कुमार के रूप में की गई है।घटना की सूचना पर रामपुर थानाध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने पहुंचकर मामले की छानबीन की।

पुलिस को दिए अपने फर्द बयान में संजीव कुमार ने बताया कि सामू यादव ने मकान निर्माण नहीं करने की धमकी दी थी। धमकी के बाद भी मकान का निर्माण कराया जा रहा था। तब उनसे पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। कहा कि मकान बनाना है तो रंगदारी देनी होगी। लेकिन रंगदारी भी नहीं दी गई।

 इसी विवाद को लेकर मकान निर्माण स्थल पर कुछ लोग हथियार के साथ पहुंचे और जबरन काम को बंद करा दिया। इसका विरोध करने पर फायरिंग की गई। इसी दौरान संजीव को गोली लग गई। फर्द बयान के आधार पर आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। 

थानाध्‍यक्ष ने बताया कि एपी कॉलोनी में अभिषेक कुमार का मकान निर्माण चल रहा था। मकान निर्माण के संवेदक संजीव कुमार को गोली मारी गई है।

 इधर सिटी एसपी राकेश कुमार ने घटनास्थल का मुआयना किया है। उन्होंने कहा है कि अवैध हथियार से गोली चलाई गई है। हथियार की बरामदगी और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। छापेमारी जारी है।