2021/02/25

50 हजार रिश्वत लेते अंचल निरीक्षक को पकड़ा....निगरानी की टीम ने रंगेहाथ घूस लेते दबोचा

VAISHALI : बिहार के वैशाली में विजिलेंस की टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए एक सर्कल इंस्पेक्टर को घूस लेने के आरोप में पकड़ा है। गुप्त सूचना के आधार पर CI ऑफिस पर जांच टीम ने छापेमारी की और 50 हजार रुपये घूस लेते CI को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पूरा मामला वैशाली जिले के हाजीपुर का है।


बिहार के वैशाली जिले के हाजीपुर सदर प्रखंड के राजस्व कर्मचारी सह प्रभारी अंचल निरीक्षक कुमार मनीष को निगरानी की टीम ने बुधवार की दोपहर रंगेहाथ घूस लेते दबोच लिया। 50 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे पकड़े गए प्रभारी अंचल निरीक्षक का सहयोगी सुनील कुमार छह हजार रुपये लेकर फरार हो गया। 

इसके बाद निगरानी की टीम ने दिग्घी स्थित घर, सराय के मनी भकुरहर गांव स्थित घर और कोल्ड स्टोर में छापेमारी की। शाम तक निगरानी की टीम ने आरोपित राजस्व कर्मचारी से पूछताछ की। इसके बाद आरोपी को पटना लेकर टीम चली गई। 

इस संबंध में निगरानी विभाग की ओर से जारी प्रेस रिलीज में बताया गया है कि निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय टीम द्वारा बुधवार को निगरानी थाना कांड संख्या 09/2021 में हाजीपुर के राजस्व कर्मचारी सह अंचल निरीक्षक कुमार मनीष को इनके निजी कार्यालय, जो नवीन सिनेमा के नजदीक स्थित है, वहां से 50 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। 

इस राशि में से छह हजार रुपए इनके निजी सहायक सुनील कुमार लेकर फरार हो गया। इस मामले में जढुआ के पुरानी बाजार के रहने वाले श्रवण कुमार ने निगरानी में 19 फरवरी को शिकायत की थी कि आरोपित कुमार मनीष हाजीपुर हल्का नंबर 10 द्वारा दाखिल खारिज के नाम पर 91 हजार रुपए की मांग की जा रही है। 

सूचना के सत्यापन के बाद निगरानी की टीम ने इनके निजी कार्यालय से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद टीम आरोपित के साथ दिग्घी स्थित इनके आवास पर भी गई और यहां छानबीन की। निगरानी की दूसरी टीम आरोपित के पैतृक गांव सराय थाना क्षेत्र के मनी भकुरहर स्थित इनके घर और कोल्ड स्टोरेज में भी छापेमारी की। निगरानी की टीम ने हाजीपुर के एक निजी होटल में घंटों पूछताछ की और पटना ले गई।


Source-hindustan