2021/02/25

पागल हाथी ने दो को कुचलकर मार डाला....सूढ़ से उठाकर दोनों को पटका..इलाके में दहशत

NAWADA : नवादा में हाथियों ने 2 लोगों को कुचल कर मार डाला है। जंगल से भटककर आए हाथियों के उत्पात से लोगों में दहशत का माहौल है। बभनौली और सकरा गांव में भगदड़ मच गई है। लोग बचाव के लिए इधर-उधर भाग रहे हैं। इधर, वन विभाग को इस बात की सूचना दी गई है, लेकिन अब तक कोई भी अधिकारी गांव में नहीं पहुंच पाए हैं।

 गांव में दहशत ऐसी है कि लोग घर से निकलने से भी डर रहे हैं। इससे पहले वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व (VTR) से सटे पश्चिम चंपारण के गौनहा प्रखंड में एक बाघिन ने आतंक मचाया था। 12 फरवरी को परसौनी गांव के पास बाघिन ने खेत की रखवाली कर रहे 3 लोगों पर हमला कर दिया। इसमें पति-पत्नी मौत हो गई थी।

नवादा के दो अलग-अलग थाना क्षेत्र नारदीगंज और हिसुआ में एक पागल हाथी ने एक शिक्षक समेत दो लोगों की जान ले ली है। पुलिस के अनुसार बुधवार देर रात नारदीगंज थाना के बभनौली निवासी विनोद चौहान खेत की तरफ गए हुए थे। 

तभी अचानक गया जिले की बॉर्डर की ओर से हाथी वहां पहुंचा और उन्हें सूढ़ से उठा कर पटक दिया। इसके चलते घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि इसके बाद हाथी हिसुआ थाना क्षेत्र का सकरा गांव की ओर चला गया, जहां शौच के लिए खेत की ओर जा रहे रिटायर्ड टीचर आनंद सिंह पर हमला कर दिया। घटनास्थल पर ही उनकी भी मौत हो गई।