2021/02/26

थाना प्रभारी घूस लेते गिरफ्तार....रेप केस से बचाने काे महिला थाना प्रभारी ने मांगी 50 हजार की रिश्‍वत... 15 हजार लेते एसीबी ने पकड़ा

DESK : झारखंड के खूंटी में महिला पुलिस अधिकारी घूस लेते पकड़ी गई है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानि‍ एसीबी की टीम ने महिला पुलिस अधिकारी को गिरफ्तार किया है। 

खूंटी की महिला थाना प्रभारी मीरा सिंह को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने गुरुवार को एक महिला से 15 हजार रुपये घूस लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। रुपये का लेनदेन महिला थाना प्रभारी के कक्ष में ही हो रहा था। एसीबी की टीम ने महिला थाना प्रभारी को बगड़ू गांव निवासी नागी होरो नामक आदिवासी महिला की शिकायत पर जाल बिछाकर घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। 

गिरफ्तारी के बाद महिला थानाप्रभारी को एसीबी की टीम अपने साथ रांची ले गई। जानकारी के अनुसार महिला थाना प्रभारी उक्त महिला से उसके फौजी बेटे को यौन शोषण के एक मामले में फंसाने का भय दिखाकर उस से मोटी रकम की मांग कर रही थी।

 इस संबंध में पीड़िता नागी होरो ने बताया कि महिला थाना प्रभारी ने गत माह 13 जनवरी को उसे थाना बुलाया और कहा कि फौज में तैनात उसके बेटे के विरुद्ध एक युवती ने यौन शोषण का आरोप लगाया है। 

अगर उसके बेटे के विरुद्ध केस हो जाता है तो उसकी नौकरी भी जाएगी और वह जेल भी जाएगा। महिला थाना प्रभारी ने उसके बेटे को बचाने के एवज में उससे दो लाख रुपये की मांग की।

 इसपर डर से उसने अपनी पैतृक संपत्ति बेचकर पैसे की जुगाड़ की और दो किस्तों में महिला थाना प्रभारी को दो लाख रुपये दिया। इसके बाद भी महिला थाना प्रभारी आए दिन उसके घर पहुंचकर और पैसे की मांग करने लगी। 

साथ ही यह भी धमकी देने लगी कि और 50 हजार रुपया नहीं देने पर उसके बेटे को फंसा दिया जाएगा। महिला ने बताया कि थाना प्रभारी की धमकी ने उनका जीना दूभर कर दिया था। 

इसके बाद उसने बुधवार को रांची जाकर एसीबी के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज करा दी। महिला की शिकायत पर एसीबी ने जाल बिछाया और गुरुवार को रुपये लेते हुए महिला थाना प्रभारी को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।

खूंटी थाना क्षेत्र के बगड़ू की जिस महिला से उसके बेटे को केस से बचाने के लिए महिला थाना प्रभारी रुपये ले रही थी, उस परिवार में दो लोग फौज में हैं। महिला नागी होरो के पति बुधवा होरो और बेटा बिट्टू फौज में रहकर देश की सेवा कर रहे हैं। 

वहीं, महिला थाना प्रभारी केस का भय दिखाकर उसी परिवार से रुपये वसूल रही थी। नागी होरो के पति बुधवा होरो गुजरात में पदस्थापित है, जबकि उनका बेटा बिट्टू उत्तराखंड के केदारनाथ में पदस्थापित हैं।