SAMASTIPUR : उजियारपुर थाना क्षेत्र के चांदचौर पूर्वी पंचायत के वार्ड चार रामनगर की सीता देवी हत्याकांड में दो माह बाद पुलिस ने एक महिला एवं दो पुरुष सहित तीन लोगों की गिरफ्तारी कर घटना का खुलासा किया है।इस हत्या की साजिश और कांड में सहयोग देनेवाली गांव के ही विजय दास की पत्नी शीला देवी एवं अकलू सहनी का पुत्र अंदेश्वर सहनी तथा नन्हकी पासवान के पुत्र राजकुमार पासवान को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।डीएसपी के मुताबिक सीता देवी की हत्या समाजिक मर्यादा को तोड़ने के कारण हुई।
Police ने बताया कि उमेश दास की पत्नी मृतका सीता देवी एवं गिरफ्तार महिला शीला देवी की कई लोगों से निकटता बढ़ गई थी। इसके कारण समाजिक मर्यादा और महिलाओं का सामाजिक बंधन टूट गया था। इस कारण शीला देवी और सीता देवी के संबंध में भी खटास उत्पन्न हो गई थी।
शीला देवी के सहयोग से ही 12 दिसंबर की शाम को सीता देवी को घर से बुलाकर गांव के बलुअर चौर के एक खेत में गला काटकर हत्या की गई थी। वैज्ञानिक अनुसंधान, मोबाइल सहित अन्य माध्यम से घटना का कारण और संलिप्त लोगों का पता लगाया गया। इसमें तीन की गिरफ्तारी हो चुकी है तथा अन्य की तलाश जारी है।
बता दें कि 12 दिसंबर की देर शाम उमेश दास की पत्नी सीता देवी (45) की गला काटकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद 13 दिसंबर की सुबह बलुअर चौर से सीता देवी की फिरकी लाश बरामद की गई थी। इसके बाद मृतका के पति उमेश दास ने थाना में अज्ञात लोगों के विरुद्ध अपनी पत्नी की हत्या के बारे में मुकदमा दर्ज करवाया था।