2021/02/05

समस्तीपुर : बिहार बोर्ड इंटर कदाचार के आरोप में आधा दर्जन निष्कासित, 19 छात्रों को परीक्षा से रखा वंचित

SAMASTIPUR : इंटरमीडिएट परीक्षा के चौथे दिन गुरुवार को वरीय उप समाहर्ता सह जोनल मजिस्ट्रेट द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों की जांच की। इसमें आधा दर्जन छात्र को कदाचार के आरोप में निष्कासित कर दिया गया। समस्तीपुर कॉलेज, समस्तीपुर और संत कबीर डिग्री कॉलेज से तीन-तीन छात्र को चिट के साथ लिखते हुए पकड़े जाने पर निष्कासित कर दिया।

 इसके अलावा 19 परीक्षार्थियों को परीक्षा में लिखने से वंचित कर दिया। महिला कॉलेज में नौ छात्रा, कन्या मध्य विद्यालय कचहरी परिसर में आठ छात्रा और संत कबीर इंटर कॉलेज में दो छात्र चिट करते हुए पकड़े गए। वहीं सभी संबंधित परीक्षा कक्षों के सात वीक्षकों से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश देते हुए उन्हें अगली पाली की परीक्षा ड्यूटी से हटा देने का निर्देश दिया गया।

जिले के 82 केंद्रों पर दो पालियों में हुई। प्रशासन की ओर से केंद्रों पर चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी। पहली पाली में परीक्षार्थी अंग्रेजी व दूसरी पाली में कला संकाय के परीक्षार्थियों ने इतिहास की परीक्षा दी। प्रथम पाली में कुल 30,025 परीक्षार्थियों में 29,548 ही उपस्थित हुए। जबकि, 477 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 22,998 में 22,431 परीक्षार्थी उपस्थित हुए। इसमें 567 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। प्रशासन की ओर से सभी केंद्रों पर चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी। पूरी तरह जांच पड़ताल के बाद ही परीक्षा केंद्र के भीतर प्रवेश दिया जा रहा था। 51,979 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा

इंटर परीक्षा की प्रथम पाली में समस्तीपुर में 23,918 परीक्षार्थियों को सम्मिलित होना था। इसमें 23,509 उपस्थित व 409 अनुपस्थित रहे। दलसिंहसराय अनुमंडल के परीक्षा केंद्रों पर 1163 में 1143 उपस्थित व 20 अनुपस्थित रहे। पटोरी अनुमंडल के परीक्षा केंद्रों पर 2284 में 2262 परीक्षार्थी उपस्थित व 22 अनुपस्थित रहे। रोसड़ा अनुमंडल में परीक्षा केंद्र पर 2660 में 2634 उपस्थित हुए जबकि 26 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली की परीक्षा में समस्तीपुर में 15,455 में 15,025 उपस्थित और 430 अनुपस्थित रहे। दलसिंहसराय में 1840 में 1795 उपस्थित व 45 अनुपस्थित रहे। पटोरी में 1613 में 1592 उपस्थित व 21 अनुपस्थित रहे। रोसड़ा में 4090 में 4019 उपस्थित एवं 71 अनुपस्थित रहे। पूरी जांच के बाद मिला केंद्र में प्रवेश

कदाचारमुक्त व शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन के लिए परीक्षार्थियों की पूरी जांच की गई। केंद्रों पर कोरोना संक्रमण से बचने को लेकर सरकार की ओर से जारी किए गाइडलाइन के अनुसार परीक्षार्थियों की थर्मल स्क्रीनिग की गई। परीक्षार्थियों को तीन लेयर जांच से गुजरना पड़ा। इस दौरान बोर्ड के निर्देशानुसार परीक्षा केंद्र के मुख्य गेट पर दंडाधिकारी व पुलिस बल के नेतृत्व में जूता पहन कर आए परीक्षार्थियों को जूता-मोजा खुलवाकर जांच किया गया। जबकि कक्ष में पहुंचने से पूर्व केंद्राधीक्षक द्वारा जांच पड़ताल से संतुष्ट होने के बाद परीक्षा कक्ष में जाने की अनुमति दी गई। वहीं परीक्षार्थियों को प्रश्न पत्र व उत्तर पुस्तिका देने से पूर्व जांच करते हुए चीट पुर्जा नहीं रखने और कदाचार न करने की हिदायत दी गई।

दलसिंहसराय में चौथे दिन 65 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित

दलसिंहसराय: इंटर परीक्षा चौथे दिन गुरुवार को शहर के छह परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से हुई। इंटर परीक्षा के लिए शहर में छह परीक्षा केंद्र, बालिका उच्च विद्यालय,राष्ट्रीय उच्य विद्यालय, आर.बी कॉलेज,छत्रधारी इंटर विद्यालय,धनपत प्रिया मध्य विद्यालय, कुसुमवती कन्या मध्य विद्यालय को बनाया गया है। शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में परीक्षा संपन्न कराने के लिए एसडीओ ज्ञानेंद्र कुमार, डीएसपी दिनेश कुमार पांडेय, सीओ अमरनाथ चौधरी, बीडीओ प्रफुल चंद्र प्रकाश ने निरीक्षण कर मौजूद पदाधिकारियों को दिशा निर्देश दिया। एसडीओ ने बताया कि छह केंद्रों पर दोनों पाली में 3003 परीक्षार्थियों में से 2938 उपस्थित रहे। कुल 65 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।


कल्याणपुर :  प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर गुरुवार को कड़ी चौकसी के बीच इंटर की परीक्षा हुई। सुंदर उच्चतर विद्यालय मुक्तापुर में पहली पाली 530 परीक्षार्थियों में 7 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में 267 परीक्षार्थियों में 4 अनुपस्थित रहे। सहायक परीक्षा अधीक्षक एस खान ने यह जानकारी दी। वहीं दूसरी ओर बुनियाद स्वामी इंटर महाविद्यालय कड़ुवा परीक्षा केंद्र पर 480 परीक्षार्थियों में 10 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में 201 परीक्षार्थियों में पांच अनुपस्थित पाए गए। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राज किशोर यादव ने यह जानकारी दी। अन्य केंद्रों पर भी परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से हुई।