PATNA : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से राज्य की सबसे बड़ी परीक्षा अब से थोड़ी ही देर में शुरू होने वाली है। 1525 केंद्रों पर होने वाली इस महापरीक्षा में 16,84,466 विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा दो पालियों में हो रही है। पहली पाली सुबह 9 : 30 बजे से शुरू होगी। पहले दिन विज्ञान विषय का पेपर है। हर पाली के प्रश्न 10 सेट में होंगे। पहली पाली के प्रश्नों से दूसरी पाली के प्रश्न बिल्कुल अलग होंगे। परीक्षार्थियों को फोटोयुक्त पहचान पत्र की अटेस्टेड कॉपी साथ रख लेनी होगी।
10 मिनट पहले तक ही मिलेगी इंट्री
पहली पाली के परीक्षार्थियों को 10 मिनट पूर्व यानी सुबह 9:20 बजे तक परीक्षा भवन में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इसी प्रकार, द्वितीय पाली के परीक्षार्थियों को द्वितीय पाली की परीक्षा शुरू होने के समय (दोपहर 1:45 बजे) से 10 मिनट पूर्व तथा दोपहर 1:35 बजे तक ही परीक्षा भवन में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। देर से आने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा भवन में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
नकल रोकने के सख्त इंतजाम
कदाचार रोकने के लिए प्रशासन की ओर से सख्त इंतजाम किए गए हैं। इस बार हर केंद्र पर जोनल, सब जोनल और सुपर जोनल स्तर पर मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। परीक्षा केंद्र के 200 मीटर की दूरी में भीड़ लगाना प्रतिबंधित होगा। प्रत्येक 500 विद्यार्थियों पर वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। हर केंद्र पर CCTV से निगरानी होगी।
सैनिटाइजेशन जरूरी
कोरोना काल में हो रही इस महापरीक्षा में हर दिन परीक्षा केंद्र के सैनिटाइज करना है। इसी क्रम में मंगलवार को सभी परीक्षा केंद्रों पर सैनिटाइजेशन किया गया। परीक्षार्थियों को मास्क पहनकर ही आना है। परीक्षा केंद्रों पर भी मास्क और सैनिटाइजर की व्यवस्था सुनिश्चित करनी है। सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ध्यान रखना है।
जूता-मोजा पहनकर जा सकते हैं
इंटर की तरह मैट्रिक परीक्षा में भी परीक्षार्थी जूता-मोजा पहनकर जा सकेंगे। इस संबंध में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने आदेश जारी कर दिया है। परीक्षा केंद्र पर कैलकुलेटर, मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, ईयरफोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स ले जाना और उसका प्रयोग करना वर्जित होगा।