SAMASTIPUR : बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार की अधिसूचना के आलोक में सोमवार को पैक्स चुनाव को लेकर मतदान एवं मतगणना को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। जिले के 11 प्रखंडों में रिक्त पड़े पैक्सों के अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी का चुनाव होना है। जिसमें पूसा, समस्तीपुर, उजियारपुर, कल्याणपुर, खानपुर, ताजपुर, पटोरी, विद्यापतिनगर, विभूतिपुर, मोरवा एवं मोहिउद्दीनगर शामिल है। मतदान को लेकर मतदान कर्मी बूथों पर पहुंच चुके हैं। प्रशासन की ओर से पूरी तैयारी कर ली गई है।
इसके अलावा अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संयुक्त रूप से विधि व्यवस्था के सम्पूर्ण प्रभार में रहेंगे। शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान का संचालन सुनिश्चित कराना उनका प्राथमिक दायित्व होगा।
डीपीआरओ ने बताया कि समाहरणालय स्थित आशुलिपिक कार्यालय प्रकोष्ठ के बगल के कमरे में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित रहेगा, जिसका दूरभाष संख्या-06274-222300 है। मतदान के दिन आपातकालीन स्थिति में घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सिविल सर्जन को निर्देशित किया गया है कि वे मतदान क्षेत्र अन्तर्गत सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में चिकित्सक, कम्पाउडर एवं आवश्यक जीवन रक्षक दवा एवं एम्बुलेंस सहित उपलब्ध रहेंगे। जिला प्रशासन शांतिपूर्ण एवं स्वच्छ मतदान कराने को कृत संकल्पित है। इसके लिए अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से कानून के आलोक में आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई की गई है।