SAMASTIPUR : सरायरंजन प्रखंड के हरपुर बरहेता स्थित शिव मंदिर के प्रांगण में शुक्रवार को 10 दिवसीय श्रीश्री 108 हवनात्मक शतचंडी महायज्ञ एवं श्रीमदभागवत ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हुआ।
इसमें 151 कुंवारी कन्याओं ने कलश शोभा यात्रा में भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हरपुर बरहेता स्थित शिव तालाब से कलश में जल भरकर ढोल, नगारे के साथ पूरे गांव की परिक्रमा कर पुन: यज्ञ स्थल पर पहुंचकर कलश स्थापित किया गया।
यज्ञ परिसर में 15 देवी-देवताओं की मूर्तियों को स्थापित किया गया है। कलश स्थापित होते ही वैदिक मंत्रोच्चार एवं भजन-संकीर्तन से हरपुर बरहेता समेत आसपास का क्षेत्र गुंजायमान हो चुका है। वहीं महायज्ञ परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी है।
इस बाबत यज्ञ कमेटी के अध्यक्ष महेशपुरेंद्र झा ने बताया कि 10 दिनों तक चलने वाले इस महायज्ञ में वृंदावन से आए श्री गोविदाचार्य का कथा वाचन होगा। इसके अलावा पंडित संतोष झा, बनारस से आने वाले पंडित चंदन शास्त्री एवं पंडित मुरारी शास्त्री का प्रवचन एवं भजन संकीर्तन होगा।
महायज के सफल आयोजन में प्रखंड प्रमुख वीणा कुमारी, कोषाध्यक्ष पंकज कुमार मिश्र, दिवसपति मिश्र, गजेंद्र झा, रामकेशव मिश्र, ह्रिकेश मिश्र, हेमंत झा, शिवजी महतो, मनोज सहनी आदि ग्रामीण सक्रिय योगदान दे रहे हैं।
INPUT-DAINIK JAGRAN