SAMASTIPUR : शहर के बीआरबी कॉलेज को मॉडल कॉलेज का दर्जा देने और सभी विषयों में पीजी की पढाई शुरू करने समेत 11 सूत्री मांगों को लेकर आइसा कार्यकर्ताओं ने प्रतिरोध मार्च निकालकर शुक्रवार को महाविद्यालय परिसर में प्राचार्य के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया। महाविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नेतृत्व महाविद्यालय इकाई के सचिव रवि रंजन ने किया।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए जिला सचिव सुनील कुमार ने छात्र-छात्राओं की समस्या पर विस्तार से चर्चा की। कहा कि बीआरबी कालेज में वर्ष 2000 से छह विषयों में पीजी की पढ़ाई अचानक बंद कर दी गई। हाल ही, में विश्वविद्यालय की ओर गठित एक जांच कमेटी ने छात्र-छात्राओं की समस्याओं को देखते हुए बीआरबी कॉलेज में एमकॉम समेत सभी विषयों से पीजी की पढ़ाई शुरू कराने की सिफारिश की। लेकिन अबतक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है।
जबकि प्रत्येक वर्ष स्नातक की सीट कम होने से छात्र-छात्रों का नामांकन नहीं हो पाता है। इसी तरह यूजी-पीजी में भी नामांकन के लिए सैकड़ों छात्र-छात्राएं अगले सत्र का इंतजार करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार उच्च शिक्षा के नाम पर छात्र-छात्राओं को गुमराह कर रही है।
छात्र नेता गंगा प्रसाद ने विश्विविद्यालय व महाविद्यालय प्रशासन से बीआरबी कालेज में एमकॉम समेत सभी विषयों में पीजी की पढ़ाई शुरु करने, कालेज में छात्रों के लिए कॉमन रूम व्यवस्थित करने, पुस्तकालय एवं प्रयोगशाला को व्यवस्थित करने, सिलेबस के अनुसार छात्रों को डबल पुस्तक निर्गत करने, पूछताछ काउंटर का स्थापना करने, नामांकन काउंटर को व्यवस्थित करने, बीआरबी कॉलेज को मॉडल कॉलेज का दर्जा देने, कालेज कैंपस में कैंटीन की व्यवस्था करने, छात्रावास का निर्माण करने, शिक्षक कर्मचारियों के खाली पड़े पदों पर अविलंब बहाली करने, कालेज में बाहरी असामाजिक तत्व के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व छात्र संघ महासचिव लोकेश राज ने किया। मौके पर आइसा जिला सह सचिव प्रीति कुमारी, राजू झा, द्रख्शा जवी, स्तुति सिंह, शांति कुमारी, शिल्पी कुमारी, दीपक यादव, राजा कुमार, राजू कुमार, सोनू कुशवंशी, सौरव सुमन, राहुल कुमार, अनिल कुमार, प्रवीण कुमार, अफरीदी, दीपक कुमार, सत्यम कुमार, रोहित कुमार, अंशुमन कुमार, शिवम कुमार, सौरभ कुमार, चिटू कुमार, प्रवीण कुमार समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।