2021/01/30

SAMASTIPUR : उत्तर बिहार में अभी बनी रहेगी कोल्ड डे की स्थिति, ठंड में होगा और इजाफा

SAMASTIPUR : उत्तर बिहार में अगले कुछ दिनाें तक कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। नौ से बारह किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से पछिया हवा चलेगी। हालांकि दोपहर तक मौसम साफ होने का अनुमान व्यक्त किया गया है। यह कहना है मौसम विभाग का। 

मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए.सत्तार ने अगले 3 फरवरी तक के लिए जारी मौसम पूर्वानुमान में कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ पूरी तरह सक्रिय है। जम्मू कश्मीर एवं हिमाचल प्रदेश में लगातार बर्फबारी हो रही है। पछिया हवा चलने के कारण उत्तर बिहार में एक बार फिर ठंड में इजाफा हो रहा है। 

मौसम विज्ञानी के अनुसार पूर्वानुमान की अवधि में उत्तर बिहार के जिलों में शीतलहर की स्थिति की बने रहने की संभावना है। हालांकि दोपहर तक मौसम के साफ होने का अनुमान है।

सुबह में मध्यम से घना कुहासा छा सकता है। पूर्वानुमानित अवधि में अधिकतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। जबकि न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मौसम विज्ञानी के अनुसार पूर्वानुमानित अवधि में औसतन 9 से 12 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पछिया हवा चलने का अनुमान है।

सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 85 से 95 प्रतिशत तथा दोपहर में 60 से 70 प्रतिशत रहने की संभावना है। शुक्रवार का अधिकतम तापमान 14.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से 8.5 डिग्री कम है। जबकि न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है।