2021/01/30

समस्तीपुर में सड़क हादसा : अनियंत्रित ट्रक की ठोकर से स्कूटी सवार शिक्षक की मौत

SAMASTIPUR : शहर के ताजपुर रोड स्थित एलआइसी कार्यालय के निकट विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक की ठोकर से स्कूटी सवार एक शिक्षक की मौत हो गई। जबकि, दूसरा व्यक्ति बाल-बाल बच गया। मृतक की पहचान खानपुर थाना क्षेत्र के सिवैसिगपुर वार्ड 02 निवासी राजेंद्र झा के 41 वर्षीय पुत्र प्रियरंजन झा के रूप में हुई है।

 वे उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिवैसिगपुर में सहायक शिक्षक के रुप में पदस्थापित थे। घटना की सूचना पर पहुंची नगर थाना की पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है। शव को अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। 

जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर शिक्षक प्रियरंजन झा शहर के सटे शंभूपट्टी विद्यालय में माध्यमिक परीक्षा डयूटी में योगदान देकर गांव के ही एक छात्र के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। ताजपुर रोड स्थित एलआइसी कार्यालय के निकट विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक की ठोकर से दुर्घटना के शिकार हो गए। 

घटनास्थल पर ही प्रियरंजन की मौत हो गई। जबकि, उनके साथ खानपुर थाना क्षेत्र के बुजुर्गद्वार निवासी मुस्तफिक इमाम जज्बी बाल-बाल बच गए। घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। स्थानीय पुलिस को सूचना देते हुए वाहन छोड़कर कर भाग रहे ट्रक चालक व उपचालक का काफी दूर तक पीछा भी किया। 

सूचना पर दलबल के साथ पहुचे थानाध्यक्ष अरुण राय ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया। हालांकि वाहन चालक व उपचालक फरार है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के स्वजनों को सूचना दी गई है। सदर अस्पताल में शव का अंत्यपरीक्षण कराया गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया गया है। घटना के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर इस घटना पर शिक्षकों ने शोक जताया है।