2021/01/30

SAMASTIPUR : कुलपति ने किया स्नातकोत्तर भोजन गृह के नए भवन का उद्घाटन

SAMASTIPUR : डॉ.राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा कुलपति डॉ. रमेश चंद्र श्रीवास्तव ने शुक्रवार को विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर भोजन गृह के नए भवन का उद्घाटन किया। छात्रों को बेहतर और हाईजेनिक खाना उपलब्ध कराने के लिए इस भोजन गृह में सभी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उद्घाटन समारोह में बोलते हुए कुलपति ने कहा कि छात्र उनकी प्राथमिकता में शामिल हैं और वे चाहते हैं कि उन्हें उन्नत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए। 

मौके पर मौजूद विश्वविद्यालय के डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. एके मिश्रा, कुलसचिव डॉ. पीपी मिश्रा, डॉ. अमरीश कुमार ने कहा कि कुलपति हमेशा छात्रों को अपने परिवार के सदस्य की तरह मानते हैं और उनकी किसी भी समस्या के समाधान के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सतीश कुमार ने किया। 

जीरो टिलेज मशीन से बोआई करने पर चार हजार तक की होती है बचत

डॉ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के अधीनस्थ अभियंत्रण महाविद्यालय द्वारा शुक्रवार को जीरो टिलेज मशीन कार्य विधि एवं लाभ विषय पर प्रक्षेत्र दिवस मनाया गया। पुनास गांव में आयोजित इस प्रक्षेत्र दिवस में मौजूद किसानों को संबोधित करते हुए अभियंत्रण महाविद्यालय के डीन डॉ. अमरीश कुमार एवं फार्म मशीनरी एंड पावर इंजीनियरिग के विभागाध्यक्ष डॉ. संजय कुमार ने किसानों को जीरो टिलेज मशीन के संबंध में विस्तार पूर्वक बताया।

कहा कि मशीन से खेत की जुताई किए बिना गेहूं की सीधी बुवाई की जाए तो परंपरागत विधि की तुलना में करीब 3500 से 4000 तक की बचत होती है। इस विधि से 30 से 40 प्रतिशत नमी वाले खेतों में भी बुवाई संभव है तथा उपज में किसी प्रकार की कमी नहीं होती। वही मशीन की कीमत लगभग 50,000 हैं एवं कार्य क्षमता 4 से 5 हेक्टेयर प्रतिदिन है। मौके पर परियोजना के अन्वेषक डॉ पीके प्रणव, इंजीनियर मनोरंजन कुमार सहित कई लोग मौजूद थे। वही किसानों में हिमांशु कुमार सिंह, शैलेश कुमार सिंह, प्रभात कुमार सिंह आदि मौजूद थे।