DESK : पिछले कई दिनों से इंदौर में ड्रग के व्यापार की मास्टरमाइंड आंटी उर्फ प्रीति जैन को कोर्ट के ऑर्डर पर इंदौर जेल से जबलपुर जेल में ट्रांसफर किया गया है. इंदौर जेल अधीक्षक अजमेर सिंह ठाकुर ने इस बात की पुष्टि की है. सम्भवतः जेल विभाग को आंटी द्वारा इंदौर जेल में रहकर अभी भी अपने गिरोह को चलाने एवं ड्रग का व्यापार सतत जारी रखने के संबंध में आशंका और उनकी सुरक्षा के मद्देनजर उनका ट्रांसफर जबलपुर जेल में किया गया है.
गौरतलब है कि इंदौर पुलिस ड्रग माफियाओं की कमर तोड़ने में जुटी हुई है. इसी मामले में कुछ दिनों पूर्व इंदौर में गिरफ्तार की गई आंटी उर्फ प्रीति से रोजाना कई नए खुलासे हो रहे हैं. उसके खुलासे पर कई लोग पकड़े भी जा चुके हैं. प्रीति के खुलासे में ड्रग सप्लाई के तार दिल्ली से जुड़े होने की बात भी सामने आई है. आपको बता दें कि इस मामले में अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. पुलिस ने आंटी के बेटे की गर्लफ्रेंड को भी गिरफ्तार किया है, जिसका नाम आफिन उर्फ तरन्नुम है. आंटी का बेटा यश जैन अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है.
दरअसल, इंदौर में ड्रग कारोबार के खुलासे के बाद से ही पुलिस काफी सक्रिय हो गई है. इस कारोबार से जुड़े लोगों की धड़-पकड़ लगातार जारी है. चूंकि इंदौर जेल में बंद आंटी को इस कारोबार के मास्टरमाइंड के तौर पर देखा जा रहा है, इसलिए उसे जबलपुर जेल शिफ्ट किया गया है.