2021/01/25

पुल की रेलिंग तोड़ नदी में गिरी कार, भाभी-देवर के शव मिले, पति लापता; दो माह पहले ही हुई थी शादी

DESK : उज्जैन जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर उज्जैन-बड़नगर रोड पर खड़ोतिया गांव में रेलिंग को तोड़ते हुए कार गंभीर नदी में गिर गई। हादसा रविवार सुबह करीब 8 बजे हुआ। हादसे में नवविवाहिता, उसके देवर की मौत हो गई, जबकि उसका पति लापता है। उसकी तलाश जारी है।

बिहार के सिवान के रहने वाले अविनाश कुमार, अनुराग कुमार तिवारी और प्रियंका तिवारी तीन दिन पहले घर से कार (यूपी 78 जीएच 6324) से बड़ोदरा के लिए निकले थे। वहां वे अपने भाई अभय तिवारी से मिलने जा रहे थे। इस दौरान तीनों दो दिन कानपुर में रुके। शनिवार शाम कार से वड़ोदरा के लिए रवाना हुए। अभय के मुताबिक रात करीब 10:30 बजे उसकी अविनाश से बात हुई थी। 

अभय ने तीनों को उज्जैन में रुक कर महाकाल के दर्शन करने के लिए भी कहा था, जबकि उन्होंने बात नहीं मानी। इसके बाद प्रियंका की भी रात 11:30 बजे अपनी मां से बात हुई थी। अभय ने सुबह 5 बजे फिर कॉल किया। इस दौरान तीनों के मोबाइल बंद मिले। अभय के मुताबिक सुबह 6 बजे तक तीनों को बड़ोदरा पहुंच जाना चाहिए था।

कार में अनुराग और प्रियंका का शव आगे की सीट पर फंसा हुआ था।
कार में अनुराग और प्रियंका का शव आगे की सीट पर फंसा हुआ था।

कटक डीआईजी ने उज्जैन संपर्क किया

अभय के साले अमित कुमार सिन्हा उड़ीसा के कटक में डीआईजी हैं। उन्होंने तुरंत अमित को इसके बारे में बताया। जांच के दौरान तीनों के मोबाइल की लोकेशन सुबह के समय उज्जैन में मिली। इसके बाद डीआईजी ने तुरंत उज्जैन आईजी से संपर्क किया।

बाइक सवार ने पेट्रोल पंप कर्मचारी काे बताया

सुबह एक बाइक सवार नदी के पास से गुजर रहा था। उसने रेलिंग टूटी हुई देखी और नदी के पानी की सतह पर तेल उतराता देखा। उसने कुछ दूर स्थित पेट्रोल पंप कर्मचारी को इसकी सूचना दी। इसके बाद पेट्रोल पंप कर्मचारी ने इंगोरिया पुलिस को बताया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने गाड़ी को निकलवाया।

नवंबर में हुई थी अविनाश-प्रियंका की शादी

अविनाश बैंगलोर में प्राइवेट जॉब करता था। उसकी शादी 30 नवंबर 2020 को ही कानपुर में रहने वाली प्रियंका से हुई थी। 27 नवंबर को ही कानपुर से गाड़ी खरीदी गई थी। अभय भी वड़ोदरा में प्राइवेट जॉब करता है।

देवर-भाभी की लाश मिली, अविनाश लापता

पुलिस ने जब कार पानी से निकाली, तो उसमें प्रियंका और अनुराग का शव मिल गया। वहीं, अविनाश लापता है। उसकी तलाश की जा रही है। मौके पर अविनाश का भाई पहुंच गया है। अभय के मुताबिक उनके पिता हार्ट पेशेंट हैं, इसलिए उन्हें हादसे के बारे में फिलहाल नहीं बताया गया है।

जब कार निकाली गई, तो उसमें सवार लोगों के पैर दिख रहे थे।
जब कार निकाली गई, तो उसमें सवार लोगों के पैर दिख रहे थे।

चुंबक से ढूंढ़ी गाड़ी

नदी में करीब 37 फीट पानी है। सर्च ऑपरेशन के दौरान गोताखोर लियाकत खान ने चुंबक लेकर पानी में कूदा। इसके बाद नदी में गाड़ी का पता चल पाया।

मौके पर ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है। कुछ देर के लिए दोनों ओर जाम की स्थिति बन गई।
मौके पर ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है। कुछ देर के लिए दोनों ओर जाम की स्थिति बन गई।

इस खामी का कौन जिम्मेदार: संकरी पुलिया, अंधा मोड़, यहां पर न संकेतक और न ही लाइट की व्यवस्था, पुलिस ने भी माना ये बड़ी खामी
उज्जैन-बड़नगर मार्ग की खड़ोतिया पुलिया पर यह पहला हादसा नहीं है। दो साल पहले अनियंत्रित कार नदी में जा गिरी थी लेकिन दिन में हादसा होने से उसमें सवार लोगों को बचा लिया था। इससे पूर्व 15 साल पहले डीएसपी एमएस गौर भी इसी जगह हादसे का शिकार हो गए थे जिसमें उनकी मौत हो गई थी। यह पुलिया संकरी तो है ही लेकिन दोनों तरफ ढलान के साथ अंधे मोड़ है। रात में अंधेरा रहता है। संकेतक तक नहीं है। ट्रैफिक डीएसपी सुरेंद्र पाल सिंह राठौर ने स्वीकारा कि पुलिया वाले मार्ग पर कई खामियां है। इस संदर्भ में रिपोर्ट तैयार कर संबंधित विभाग को पत्र लिखेंगे।