ARA : भोजपुर में गांजा तस्करों को गिरफ्तार करने गई पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इसमें 4 पुलिसकर्मी घायल हो गए। बिहिया थाने की पुलिस मंगलवार देर रात सादे लिबास में 4 गांजा तस्कर को पकड़ने तेघड़ा गांव गई थी। पुलिस की हरकतों को देख ग्रामीणों को लगा कि गांव में चोर घुस आए हैं। इसके बाद ग्रामीण चोर-चोर कह कर पुलिस पर पथराव करने लगे। बचाव में पुलिस बल प्रयोग किया, जिसमें 7 ग्रामीणों को चोटें आई हैं।
बिहिया थानेदार शशिभूषण के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि गांजा तस्करी मामले के 3 अभियुक्त तेघड़ा गांव में छिपे हैं। इसमें टुनटुन नट, अफींची नट और जितेंद्र नट शामिल थे। वरीय अधिकारी के आदेश पर पुलिस दलबल के साथ छापेमारी करने पहुंची तो ग्रामीण रोड़ेबाजी करने लगे। बचाव में पुलिस ने बल प्रयोग किया। पथराव में 4 पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी को सदर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस इस मामले में आधा दर्जन लोगों से पूछताछ कर रही है।
हालांकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई के बाद बुधवार को तेघड़ा गांव से 6 महिला और एक पुरुष स्थानीय अस्पताल में आए। इनमें राजू नट की पत्नी पूजा देवी, मुकेश नट की पत्नी निशा देवी, नंदजी नट की पत्नी पूजा देवी, यूनुस नट की पत्नी सोमारी देवी, गोधन नट की पत्नी पूजा देवी, इदंरीश की पत्नी सीरिया देवी और बेटा नंदजी नट शामिल थे। घायलों का कहना है कि मंगलवार देर रात अचानक पुलिस गांव पहुंच गई। चोर समझ ग्रामीण इकट्ठा हुए तो पुलिस ने उनकी पिटाई कर दी। इसमें 7 लोगों चोटें आई हैं।