2021/01/21

राबड़ी देवी के हाउस गार्ड और पटना पुलिस के बीच झड़प, RJD की बैठक में आने वाले नेताओं को रोकने से बिगड़ी बात

PATNA : राबड़ी आवास पर ड्यूटी कर रहे सुरक्षाकर्मियों और सचिवालय पुलिस के बीच झड़प हो गई। गुरुवार की सुबह कई नियोजित शिक्षक अभ्यर्थी तेजस्वी से मिलने राबड़ी आवास पहुंचे थे। इनके अलवा अलग-अलग मामलों को लेकर कुछ फरियादी भी नेता प्रतिपक्ष से मिलना चाहते थे। इस बीच सचिवालय पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोगों को राबड़ी आवास के बाहर से हटाने लगी। आवास के बाहर हंगामा होता देख आवास के सुरक्षाकर्मी भी पहुंच गए। उन्होंने सचिवालय पुलिस को लोगों को यहां से नहीं भगाने की बात कही। इसपर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई।

ऐसे बढ़ा मामला
आवास पर तैनात एक सुरक्षाकर्मी ने सचिवालय थाने से आई पुलिसकर्मी को कहा कि आप ज्यादा मत बोलिए, सभी को चुप ही मत कराइए। आप अपना ड्यूटी कर रहे हैं तो हम भी यहां ड्यूटी कर रहे हैं। मामले को बढ़ता देख कुछ नेता भी मौके पर पहुंच गए। किसी तरह दोनों पक्षों को समझाकर मामले को शांत कराया। वहीं, इस मामले को लेकर तेजप्रताप यादव ने कहा कि सरकार बौखलाई हुई है। वीआईपी इलाके में सरकारी आवास के पास इस तरह का काम दुर्भाग्यपूर्ण है। मीटिंग के दौरान इस तरह का काम निंदनीय है। बदतमीजी करने वाले इंस्पेक्टर पर कार्रवाई होनी चाहिए।
तेजस्वी यादव ने की थी मुलाकात
इससे पहले बुधवार की शाम को तेजस्वी यादव शिक्षक अभ्यर्थियों से मिलने ईको पार्क पहुंचे थे। नेता प्रतिपक्ष ने इस दौरान पहले सरकार के मुख्य सचिव दीपक कुमार और फिर पटना के DM चंद्रशेखर सिंह से बात की थी। तेजस्वी ने दोनों अधिकारियों से शिक्षक अभ्यर्थियों को प्रदर्शन के लिए स्थान उपलब्ध कराने की मांग की थी। कहा था कि धरना देना इनका लोकतांत्रिक अधिकार है, अगर इन्हें इससे वंचित किया गया, तो मैं भी इनके साथ यहीं धरना दूंगा। तेजस्वी यादव के हस्तक्षेप के बाद पटना के जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह ने शिक्षक अभ्यर्थियों को धरना देने की अनुमति दी थी।