2021/01/07

समस्तीपुर कोर्ट परिसर में शपथपत्र के नाम पर गरीबों को ठग रहे जालसाज

SAMASTIPUR : दलसिंहसराय व्यवहार न्यायालय परिसर में इन दिनों नकली अधिवक्ता द्वारा गरीब और अनपढ़ लोगों का शोषण शपथ पत्र बनाने के नाम पर किया जा रहा है।

 इस तरह की शिकायत पर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विनोद कुमार समीर ने बुधवार को काफी गंभीरता से लिया। इसी क्रम में रघुवरपुर गांव की दो अबोध बच्चों की मां गणेश राउत की पत्नी भारती देवी को रोते हुए देखा।

उससे जब अध्यक्ष ने कारण पूछा तो भारती देवी ने बताया कि काला कोट पहने हुए एक महिला ने राशन कार्ड बनाने के लिए दिए जाने वाले आवेदन-पत्र के साथ शपथ पत्र बनाने के नाम पर ढाई सौ रुपए ले ली हैं और गलत शपथपत्र बनाकर दे दिया है। अध्यक्ष ने उस पीड़ित युवती को न्यायालय परिसर में शपथ पत्र बनाने वाली महिला को खोजने को कहा। 

संयोग से काले रंग के कोट पहनी हुई ठग महिला भी न्यायालय परिसर में ही अध्यक्ष को मिल गई। अध्यक्ष ने उस महिला से वकील होने का बिहार बार काउंसिल पटना का प्रमाण पत्र मांगा तो वह प्रमाण नहीं दे सकी। संघ के अध्यक्ष ने बताया कि न्यायालय परिसर में ही डीएसपी का कार्यालय है। 

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी को जानकारी देने जब संघ के अध्यक्ष व अन्य अधिवक्ता दलसिंहसराय थाना पर पहुंचे तो वहां पर भी वह काला कोट पहने हुए महिला पहुंच गई। अध्यक्ष ने बताया कि डीएसपी मामले की जांच कर रहे हैं। 

अध्यक्ष ने कहा कि न्यायालय परिसर में गलत लोगों पर नजर रखी जा रही है। आवश्यकता होगी तो वैसे लोगों के विरुद्ध संघ प्राथमिकी दर्ज करने को बाध्य होगा।
INPUT-DAINIK JAGRAN