SAMASTIPUR : बंगरा थाना एवं उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के रजवा लाइन होटल के समीप एनएच 28 पर एक ट्रक को रोककर जांच की। जांच के क्रम में लगभग 300 से अधिक कार्टन शराब बरामद की गई। खाद के बोरा में धान का भूसा रखकर ट्रक के ऊपर यह रखा हुआ था। पुलिस ने शराब समेत ट्रक जब्त कर थाना ले गई। साथ ही ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है।
सरसों के खेत से देसी शराब बरामद
मोहिउद्दीननगर- उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग पटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस ने बोचहा पंचायत के ग्वालगढ़ में छापेमारी की। इस बाबत अवर निरीक्षक राज कुमार पासवान के बयान पर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। कहा गया है कि रामदुलारी देवी एवं उमापति देवी के घर पर पुलिस द्वारा की गई छापेमारी में कुछ भी बरामद नहीं हुआ। कितु, इसी दौरान परशुराम राय के खेत से 10 लीटर देसी शराब बरामद की गई। थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि मामले की पुलिस छानबीन में जुटी है।
लावारिस अवस्था में 64 बोतल शराब बरामद
वारिसनगर थाने के छोटकी गोही मोड़ के समीप सड़क किनारे लावारिस अवस्था में रखी अंग्रेजी शराब को पुलिस ने मंगलवार की देर संध्या बरामद की। थानाध्यक्ष प्रसुंजय कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि उक्त स्थल पर बोरी में छिपाकर शराब रखी हुई है। इस सूचना पर गश्ती कर रहे अनि इंद्रजीत पांडेय को पुलिस बल के साथ भेजा गया। वहां पहुंचकर बोरी खोलकर तलाशी ली गई तो उसमें 64 बोतल में कुल 11 लीटर 5 सौ 20 एमएल शराब बरामद हुई। थानाध्यक्ष ने बताया कि धंधेबाज का पता लगाया जा रहा है।