2021/01/07

समस्तीपुर में करंट लगने से चौकीदार के बेटे की मौत,घटना के बाद परिजनों में चीत्कार

SAMASTIPUR : उजियारपुर थाना क्षेत्र की चांदचौर मध्य पंचायत के चौकीदार राजेन्द्र महतो का 25 वर्षीय पुत्र जितेंद्र कुमार की मौत बुधवार को करंट लगने से हो गई। घटना के बाद परिजनों में चीत्कार भर गई। सैकड़ो लोगों की भीड़ मृतक के घर जमा होकर घटना पर दुख व्यक्त करने लगे। घटना के बाबत बताया गया है कि युवक अपने घर के समीप बिजली के लटके तार के संपर्क में आ गया। 

जिससे वह बेहोश हो गया। बेहोशी की हालत में परिजन इलाज के लिए दलसिंहसराय ले जा रहे थे। इसी बीच उसकी मृत्यु हो गई। मृतक अपने पिता के बीमार रहने के कारण चौकीदार के रूप में थाना में काम करता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने चौकीदार के घर पहुंचकर घटना की छानबीन की। 

थानाध्यक्ष विश्वजीत कुमार ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मुखिया पति अरविद झा, पूर्व मुखिया हरिबल्लभ प्रसाद, चौकीदार क्रांति राय, उपेंद्र सिंह, डॉ मुकेश कुमार राय, राजकुमार चौरसिया, भाजपा नेता सुनिल चौधरी आदि ने मृतक के आश्रितों को पांच लाख मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है।
Input-dainik jagran