DESK : UP कौशांबी जनपद के सरायअकिल थाना क्षेत्र के एक गांव में तबरेज हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इश्क में रोड़ा बनने पर तबरेज का कत्ल उसकी बेटी ने ही अपने प्रेमी से करा दिया था। पुलिस ने बेटी को उसके प्रेमी समेेेत गिरफ्तार किया तो दोनों ने अपना जुर्म कबूल लिया।
सोते वक्त 28 दिसंबर की रात कर दी गई थी हत्या
सरायअकिल के तबरेज अहमद 28 दिसंबर की रात पड़ोसी टुन्नू के घर के बरामदे में सो रहा था। इस बीच अज्ञात कातिलों ने कुल्हाड़ी से सिर पर वारकर तबरेज की हत्या कर दी। तबरेज की पत्नी सबीना की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात कातिलों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया।
सीओ श्यामकांत ने बताया कि घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान यह पता चला कि जिधर से कातिल आए हैं, वह काफी संंकरा रास्ता है। ऐसे में हत्या करने वाला व्यक्ति दुबला-पतला रहा होगा। पुलिस ने जब अन्य बिंदुओं पर जांच की तो कई संदिग्धों की धरपकड़ कर उनसे पूछताछ की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
इस बीच गांव के कुछ लोगों से पता चला कि तबरेज अपनी बेटी को आए दिन फटकार लगाया करता है। उसे पता चला था कि बेटी का पुरखास गांव के रेहान नामक युवक से संबंध है। इसका विरोध तवरेज हमेशा किया करता है।
कॉल डिटेल ने भी दिया था अहम सुराग
पुलिस ने जब तबरेज की बेटी के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल ली तो पता चला कि पखवारा भर से प्रेमी-प्रेमिका के बीच बातचीत कम हो रही है जबकि पहले काल रोज हो रही थी। रेहान की गतिविधि को खंगाला गया तो यह भी मालूम हुआ कि कई दिनों से वह तबरेज की रेकी कर रहा था।
पुलिस ने उसेे पकड़ कर पूछताछ शुरू की तो उसने जुर्म कबूल कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक के मुताबिक पकड़े गए आरोपित रेहान ने बताया कि वह तबरेज की बेटी से कॉलेज में पढ़ाई के समय से ही प्रेम करता रहा है। इसकी जानकारी होने पर तबरेज विरोध करने लगा था।
नतीजतन वह एक-दूसरे से मिल नहीं पा रहे थे। ऐसे में प्रेमिका के इशारे पर उसने घटना को अंजाम दे डाला। आरोपित की निशानदेही पर बिरनेर गांव के बाहर झाडिय़ों से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी व रेहान की जैकेट पुलिस ने बरामद की। साथ ही तवरेज की बेटी को भी गिरफ्तार कर लिया। उसने भी पिता के कत्ल में अपनी साजिश को कबूल लिया है।
Input-Dainik Jagran