2021/01/08

प्रेमी के आत्महत्या करने के बाद प्रेमिका ने भी दुपट्टे के सहारे फांसी का फंदा लगाकर दी जान

KANPUR : काकादेव की मोतीविहार सोसायटी में प्रेमी के आत्महत्या करने से डिप्रेशन में चल रही 20 वर्षीय युवती ने भी शुक्रवार दोपहर अपने कमरे में फांसी लगा ली। दोपहर बाद जब मां पड़ोस के बंगले में काम करके लौटीं तो बेटी का शव पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका देखकर चीख पड़ीं। सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लिया। 

कमरे की जांच की गई, लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। तीन दिन पूर्व मोतीविहार सोसायटी निवासी एक डॉक्टर के यहां सर्वेंट क्वार्टर में रहने वाले कंपाउंडर के बेटे निखिल यादव ने फांसी लगाकर जान दे दी थी। निखिल काकादेव में फास्टफूड का ठेला लगाता था और सोसायटी के एक अन्य डॉक्टर के यहां रहने वाले सफाईकर्मी उदयभान गौड़ की बेटी प्रार्थना से प्रेम करता था। 

प्रार्थना से शादी न होने के कारण तीन माह पूर्व वह घर छोड़कर कल्याणपुर में रहने लगा था। घटना से 15 दिन पूर्व ही वह लौटा था। निखिल के आत्महत्या करने के बाद से प्रार्थना भी डिप्रेशन में थी। उसके घरवाले समझाने की कोशिश करते, लेकिन वह किसी से बात नहीं करती थी।

पुलिस के मुताबिक शुक्रवार सुबह जब उदयभान व उनकी पत्नी शीला घरों में काम करने गई थीं और बेटा वैभव बर्रा स्थित फर्म में नौकरी करने गया था। इसी दौरान प्रार्थना ने फांसी लगा ली। दोपहर बाद शीला घर लौटीं तो बेटी का शव देखा। सूचना पर पड़ोसी आए। 

इसके बाद पुलिस ने आकर जांच की। पिता ने बताया कि बेटी ने बीए प्रथम वर्ष की परीक्षा देने के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। वह सोसायटी में ही रहने वाले निखिल से शादी करना चाहती थी, लेकिन उसके घरवाले तैयार नहीं थे। 

काकादेव थाना प्रभारी रणबहादुर सिंह ने बताया कि मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन प्रेम प्रसंग में अनबन होने के कारण आत्महत्या करने की बात सामने आई है। अगर कोई तहरीर आती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।