SUPAUL : गर्भवती बहन को अस्पताल में भर्ती कराकर मामा बनने की खुशी संजोये घर जा रहे एक युवक को रास्ते में मौत आ गई। घटना सदर थाना क्षेत्र स्थित बगही चौक के पास की है। बाइक लूट का विरोध करने पर युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक पिंटू कुमार अपनी बहन को अस्पताल में भर्ती कराकर दोस्त के साथ बाइक से घर लौट रहा था।
CCTV फुटेज से अपराधियों की हो रही पहचान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सदर थानाध्यक्ष दीनानाथ मंडल ने बताया मामले में कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के CCTV फुटेज को खंगाला जा रहा है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।
1 सप्ताह के भीतर लूट की यह तीसरी घटना
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि सुपौल में बीते 1 सप्ताह के भीतर लूट की यह तीसरी घटना है। अपराधी बेखौफ होकर अपराध को अंजाम दे रहें हैं, जिस कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्ती तेज करने की मांग की है।