2021/01/18

बिहार : प्रेमी युगल के परिजन भिड़े, रात के अंधेरे में हुआ जमकर हंगामा,लड़की को भगाकर आया था लड़का

GAYA : गया के विष्णुपद थाना क्षेत्र के घुघड़ी टांड़ क्षेत्र में शनिवार की देर रात एक प्रेमी युगल के परिवारवालों के बीच खूब नूराकुश्ती हुई। नौबत यहां तक आ गई कि वहां दो थानों की पुलिस पहुंच गई। एक औरंगाबाद की पुलिस और दूसरी गया के विष्णुपद थाने की पुलिस। प्रेमी युगल नाबालिग हैं। लड़का गया के घुघड़ीटांड़ का ही रहनेवाला है। लड़की औरंगाबाद की रहने वाली है। पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों के बीच चल रही मारपीट को खत्म करवाया और लड़का तथा लड़की को अपने साथ ले गई।

कार से भगाकर लाया था

मौके पर पहुंची विष्णुपद थाने की पुलिस को औरंगाबाद की पुलिस ने बताया कि लड़के के खिलाफ औरंगाबाद में मुकदमा दर्ज है। लड़के और लड़की को कार से भागते हुए शनिवार को लड़की के किसी परिजन ने देख लिया था। उसी ने लड़की के घरवालों को सूचना दी और पीछा करते हुए यहां तक पहुंच गए। लड़की के परिजन ही लड़का-लड़की के लोकेशन की जानकारी औरंगाबाद पुलिस को दे रहे थे। विष्णुपद पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी मिलने के बाद लड़का-लड़की को औरंगाबाद पुलिस को ले जाने दिया।

औरंगाबाद आया-जाया करता था

बताया जा रहा है कि गया के लड़के की औरंगाबाद में रिश्तेदारी है। वह अक्सर औरंगाबाद आया-जाया करता था। बीते दिनों भी वह वहां गया हुआ था और लड़की को कार में लेकर गया भाग आया। विष्णुपद थानाध्यक्ष उदय कुमार का कहना है कि लड़का-लड़की नाबालिग थे। दोनों के विरुद्ध औरंगाबाद में केस दर्ज है। इस वजह से वहां की पुलिस को लड़का-लड़की को सौंप दिया गया है।