2021/01/18

बिहार : थाने में अपराधी ने होमगार्ड को पटका,सुरक्षा में तैनात जवान को चकमा देकर हुआ फरार,2 होमगार्ड जवान गिरफ्तार

BEGUSARAI : जिले के नगर थाना की पुलिस ने होमगार्ड जवान अरुण कुमार और बालेंद्र सिंह को शनिवार की रात गिरफ्तार कर लिया। दोनों होमगार्ड जवान पर हाजत से अपराधी को फरार होने में मदद करने का आरोप लगा है। रतनपुर ओपी में अपराधी रजनीकांत को गिरफ्तार कर रखा गया था। 

इसकी सुरक्षा में होमगार्ड जवान अरुण कुमार और बालेंद्र सिंह तैनात थे। ठंड का बहाना बनाकर अपराधी ने कंबल की मांग की। हाजत का ताला खोलते ही अपराधी रजनीकांत ने अरुण कुमार पर हमला बोल दिया। होमगार्ड को जमीन पर पटककर रजनीकांत हाजत से फरार हो गया।

आरोपी पर कई मामले दर्ज
अपराधी रजनीकांत का पिता विपिन कुमार भी होमगार्ड जवान है। सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों को लगा कि होमगार्ड का बेटा चकमा देकर नहीं भागेगा। अपराधी के पिता होमगार्ड जवान विपिन कुमार पर भी पुलिस दबाव बना रही है। रतनपुर सहायक थाना प्रभारी सुधा कुमारी ने अपराधी के पिता होमगार्ड जवान से पूछताछ की है। 

ओपी अध्यक्ष ने विपिन कुमार को कहा है कि जल्द से जल्द बेटे को गिरफ्तार कराये। 12 जनवरी को रतनपुर थाने की पुलिस ने रतनपुर डुमरी क्षेत्र के कुख्यात अपराधी रजनीकांत को गिरफ्तार किया था।

 लेकिन, उसी रात वह पुलिस को झटका देकर हाजत से फरार हो गया था। रजनीकांत पर अलग-अलग लगभग 6 मामले दर्ज हैं। घटना की सूचना मिलते ही ओपी प्रभारी सुधा कुमारी ने छापेमारी शुरू कर दी, लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिली है।

आक्रोश में कई होमगार्ड जवान
उधर, होमगार्ड जवान अरुण कुमार और बालेंद्र सिंह की गिरफ्तारी के बाद जिले के कई होमगार्ड जवान आक्रोशित हैं। वे रिहा नहीं करने पर आंदोलन की धमकी दे रहे हैं। होमगार्ड जवानों का कहना है कि सुरक्षा की जिम्मेदारी अधिकारियों की भी थी, लेकिन उन्हें बचाया जा रहा है। वहीं रतनपुर ओपी प्रभारी सुधा कुमारी ने बताया कि वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर लापरवाही के आरोप में दोनों होमगार्ड जवान के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।

INPUT-DAINIK BHASKER