2021/01/14

ईंट भट्ठा पर अपराधियों ने मचाया उत्‍पात, फायरिंग के बाद दो ट्रैक्‍टरों में लगा दी आग

NAWADA : रोह थाना क्षेत्र के बड़ैल गांव स्थित एक ईंट भट्ठे पर बुधवार रात अपरधियों ने तांडव मचाया। कई राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दिया। इसके बाद वहां लगे दो ट्रैक्‍टर को आग के हवाले कर दिया। सूचना पर पुलिस पहुंची लेकिन तबतक अपराधी फरार हो चुके थे। घटना के बाद से वहां काम करने वाले मजदूर काफी सहमे हुए है। मारपीट करते हुए उन्‍हें काम छोड़ने की धमकी दी गई।

स्‍कॉर्पियो से आए थे अपराधी, मजदूरों से की मारपीट

बताया जाता है कि महकार गांव निवासी उपेंद्र यादव का ईंट भट्ठा बड़ैल गांव में है। वहां देर रात करीब दस बजे स्‍कॉर्पियो से आधा दर्जन अज्ञात अपराधी पहुंचे फायरिंग करने लगे। ईंट पथाई करने वाले मजदूरों ने बताया कि अपराधी भट्टा मालिक को खोज रहे थे। ईंट भट्ठा पर सभी मजदूर इलाहाबाद (यूपी) के रहने वाले हैं।  वे लोग काफी भयभीत हो गए हैं। अब वे काम छोड़कर वहां से जाने लगे हैं। 

घटनास्थल से गोविंदपुर पुलिस ने कई खोखे भी बरामद किए है। भट्ठा संचालक उपेन्द्र यादव ने बताया कि 15 दिन पूर्व में 20 लाख की अपराधियों ने रंगदारी की मांग की थी। नहीं देने पर बुधवार की रात स्कॉर्पियो से आए अपराधियों ने करीब 10 से 15 राउंड गोलियां चलाई। इसी दौरान मजदूरों के साथ मारपीट की। धमकी दी की भट्ठा छोड़कर यहां से भाग जाओ नहीं तो सबको मार दिया जाएगा। इसके बाद भट्ठा पर खड़े दो ट्रैक्टर को भी अपराधियों ने फूंक दिया।

वर्चस्‍व की लड़ाई में हुई है घटना

स्थानीय लोगों ने बताया कि महकार गांव में पूर्व से चले आ रहे दो पक्षों में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया है। बता दें कि महकार गांव में दो पक्षों में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर कई हत्याएं हो चुकी है।  उसके बावजूद अपराधियों का हौसला बुलंद है। भट्ठा संचालक ने यह भी बताया कि गांव के ही कुछ अपराधिक तत्व के लोगों द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।