2021/01/05

बिहार: सीएम नीतीश की महत्वाकांक्षी योजना धराशायी, उद्धाटन से पहले ही गिरी पानी की टंकी

GAYA : जिले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की हर घर नल जल योजना   के तहत घरों में पानी सप्लाई अधूरी रह गई और योजना के उद्घघाटन होने से पहले ही पानी की टंकी धराशाई होकर गिर पड़ी। घटना रविवार को गुरुआ प्रखंड क्षेत्र के पलुहारा पंचायत की वार्ड संख्या 13 वैदा गांव में घटी।

जानकारी के अनुसार गुरुआ प्रखंड के पलुहारा पंचायत के वार्ड संख्या तेरह वैदा गांव में नल जल योजना के तहत घर-घर पानी की सप्लाई शुरू होने से पहले ही लोहे की बनाई गई मीनार गिरकर ध्वस्त हो गई। लोहे के पोल से बनी मीनार पर स्थित पानी से भरी टंकी जमीन पर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गई। चांसी गांव के पंचायत समिति सदस्य उषा देवी और लालदेव यादव ने बताया कि वैदा गांव में करीब सोलह लाख रुपये से वार्ड सदस्य एवं वार्ड क्रियान्वयन प्रबंधन समिति ने एक वर्ष पूर्व से नल योजना के तहत पानी टंकी का निर्माण कार्य शुरू कराया था।

योजना के तहत निर्माण प्रक्रिया पूरी होने के बाद रविवार को घर घर शुद्ध पानी की सप्लाई करने के लिए मोटर चालू कर पानी की टंकी भरी जा रही थी लेकिन इस बीच लोहे की मीनार टंकी की पानी का लोड सह नहीं पाया और पानी भरते ही लोहे की मीनार टूट कर जमीन पर गिर पड़ी। 

लोहे की मीनार टूटकर गिरने से पानी की टंकी क्षतिग्रस्त हो गई। लोहे की मीनार एवं पानी टंकी क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। पंचायत समिति सदस्य का आरोप है कि वार्ड सदस्य एवं वार्ड क्रियान्वयन प्रबंधन समिति ने पानी टंकी बनाने के लिए घटिया किस्म का लोहे के पोल का इस्तेमाल किया था। इसके कारण लोहे की मीनार एवं पानी टंकी जमीन पर गिर गई। 

पंचायत समिति सदस्य एवं ग्रामीणों ने समिति के खिलाफ कड़ी करवाई करने की मांग डीएम से की है। इस संबंध में गुरुआ के बीडीओ अरुण कुमार से पूछे जाने पर बताया कि इसकी जांच कराई जाएगी। जांच के बाद पानी टंकी का निर्माण करने वालो के विरुद्ध करवाई की जाएगी।