SAMASTIPUR : विभूतिपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पतेलिया के दयानतपुर गांव में अपनी बेटी की अस्मत बचाने पहुंची एक मां को आरोपियों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। इसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। ग्रामीणों के सहयोग से उसे स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। गंभीर रूप से जख्मी अवस्था में वह इलाजरत है।
पीड़िता द्वारा पुलिस के समक्ष दिए गए फर्द बयान के आधार पर स्थानीय थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें गांव के ही नीतीश सहनी, धर्मेंद्र सहनी, कैलाश सहनी और घुरन सहनी को नामजद किया गया है। कहा है कि अपनी पुत्री के चिल्लाने पर वह घर से बाहर निकली तो देखा कि एक आरोपी बेटी को गलत नियत से खींच कर ले जा रहा था।
बेटी के चिल्लाने पर जब वह वहां पहुंची और आरोपितों से बेटी को छुड़ाने की कोशिश में हल्ला करने लगी तो आरोपितों ने लोहे की रड से उसकी पिटाई कर दी। लहूलुहान होकर वह गिर पड़ी। मौके पर पहुंचे महिला के पति को भी आरोपितों ने मारपीट कर जख्मी कर दिया। जेवरात आदि भी छीन लिया। कृष्ण चंद्र भारती ने बताया कि कांड अंकित कर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
INPUT-DAINIK JAGRAN