DESK : जमुई पुलिस ने शुक्रवार को गिरीडीह के बेंगाबाद में एक हार्डकोर महिला नक्सली को गिरफ्तार कर लिया था। उसकी पहचान शोभा उर्फ रोजीना खातून के रूप में की गई है। गुप्त सूचना के आधार पर जमुई पुलिस ने SP सेल, केंद्रीय अर्धसैनिक बल और चरका पत्थर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नक्सली को पकड़ा है।
SP प्रमोद कुमार मंडल ने बताया कि बेंगाबाद में महिला नक्सली शोभा उर्फ रोजीना खातून के छिपे होने की गुप्त सूचना हमें मिली थी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और ASP सुधांशु कुमार के नेतृत्व में अभियान चलाकर बेंगाबाद की घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस के सर्च ऑपरेशन के तहत सख्ती से तलाशी शुरू हुई। इसी क्रम में शोभा को पकड़ा गया।
12 साल की उम्र में नक्सली संगठन से जुड़ी
रोजीना खातून महज 12 साल की उम्र में ही नक्सली संगठन से जुड़ गई थी। फिलहाल वह छत्तीसगढ़ में एक नक्सली संगठन के विस्तार में लगी हुई थी। प्रमोद मंडल ने बताया कि पुलिस को दो नक्सली वारदात और एक लूट के मामले में लंबे समय से तलाश थी। 2016 में वह जेल भी जा चुकी है। मूल रूप से वह झारखंड के बेंगाबाद की रहने वाली है।