DESK : कर्नाटक के चिकमगलूर जिले में शादी टूटने की एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां शादी के दिन ही दूल्हा चुपचाप अपनी प्रेमिका के साथ भाग निकला और फिर इसके बाद दुल्हन ने शादी में आए एक बाराती से ही शादी कर ली। इस घटना के बाद से लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, चिकमगलूर जिले के तारिकेरे गांव का यह मामला बताया जा रहा है।
दो भाइयों की होनी थी शादी
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला कर्नाटक के चिकमगलुरु जिले की तरिकेरे तालुका गांव का है। यहां रहने वाले दो भाई अशोक और नवीन की शादी एक ही दिन एक ही जगह बीते रविवार को होनी थी। नवीन ने अपनी होने वाली पत्नी सिंधु के साथ शादी से पहले के सारे अनुष्ठानों में हिस्सा लिया।
हालांकि, शादी के दिन ही नवीन अचानक गायब हो गया। शादी के दिन दूल्हा गायब होने से जश्न का माहौल पूरा चिंता में बदल गया। बाद में सामने आया कि नवीन की गर्लफ्रेंड ने उसकी शादी तोड़ने और समारोह में आए मेहमानों के सामने ही जहर पीने की धमकी दी थी। इससे डरकर नवीन गर्लफ्रेंड के साथ शादी समारोह छोड़कर भाग निकला।
फिर बाराती बना दूल्हा
स्थानीय अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, शादी के दिन नवीन के भाई अशोक की तो शादी हो गई पर सिंधु का परिवार सकते में आ गया। जब शादी का समय आया और दूल्हा नहीं मिला तो इसके बाद दुल्हन सिंधु के परिवार वालों ने निर्णय लिया कि शादी में आए हुए मेहमानों में से किसी एक को दूल्हा चुनेंगे।
मजेदार बात यह है कि दुल्हन सिंधु के परिवार ने उसके लिए चंद्रप्पा नाम के एक लड़के को चुन लिया। चंद्रप्पा पेशे से बीएमटीसी कंडक्टर है, जो इस घटना के गवाह भी थे। ऐसे में चंद्रप्पा ने अपनी इच्छा जाहिर कि अगर दोनों परिवार सहमत हो तो वह दुल्हन सिंधु से शादी करने को तैयार है। इसके बाद सिंधु के पसंद करने के बाद चंद्रप्पा ने समारोह स्थल पर ही सिंधु से शादी की रस्में पूरी करते हुए शादी कर ली।