PATNA : बिहार में कोरोनावायरस के टीकाकरण की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस बीच बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं राष्ट्रीय जनता दल विधायक तेज प्रताप यादव ने टीकाकरण को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के टीका लेने के पहले टीका नहीं लेंगे। इसके पहले कांग्रेस विधायक अजित शर्मा ने भी ऐसा ही बयान दिया था।
विदित हो कि शुक्रवार को कोरोना टीकाकरण का ड्राइ डोज दिया जा रहा है। बताया जा रहा है कि वैक्सीन 14 जनवरी तक बिहार पहुंच जाएंगी। इसके बाद 15 जनवरी से टीकाकरण के पहले चरण का आरंभ होने की उम्मीद है। इस बीच तेज प्रताप यादव ने अपने बयान से हलचल पैदा कर दी है।
तेज प्रताप बोले: पीएम के वैक्सीन लेने से खत्म होगा डर
तेज प्रताप यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबसे पहले टीका लगवाएं। इसके बाद वैक्सीन से लोगों का डर खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा कि वैक्सीन से लोग स्वस्थ हो जाएंगे, यह अच्छी बात है, लेकिन पहले नरेंद्र मोदी को पहल करनी चाहिए।
विदित हो कि तेज प्रताप यादव के पहले कांग्रेस के बिहार विधानमंडल दल नेता अजित शर्मा ने भी ऐसा ही बयान दिया था।