SAMASTIPUR : सरायरंजन थाना क्षेत्र के रहुआ बहाव के निकट मछही पुल के समीप एक अधेड़ के शरीर पर कुछ असामाजिक तत्वों ने तेजाब फेंक कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल की पहचान मेयारी पंचायत के पचपनीया टोला निवासी स्वर्गीय आनंद लाल महतो के पुत्र सकलदीप महतो (46) के रूप में की गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि 22 जनवरी को उक्त व्यक्ति शहजादापुर गांव से काम कर घर लौट रहा था। उसी क्रम में उसके शरीर पर असामाजिक तत्वों ने तेजाब फेंका जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। अधेड़ के घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने रातभर काफी खोजबीन की।
मगर उसका कुछ अता पता नहीं चला। 23 जनवरी के सुबह कुछ ग्रामीण सड़क किनारे टहल रहे थे। तभी उस पर नजर पड़ी। पहचान होने के बाद ग्रामीणों ने परिजनों को घटना की सूचना दी।
सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच ग्रामीणों के सहयोग से इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद कार्रवाई होगी। अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।