2021/01/25

दोस्तों ने अगवा कर बनाया आपत्तिजनक वीडियो, परेशान TikTok स्टार ने की आत्महत्या

हैदराबाद :  टिकटॉक स्टार रफी शेख ने आंध्र प्रदेश के नेल्लोर में अपने घर पर आत्महत्या कर ली. पुलिस आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच में जुट गई है और उनके माता-पिता का बयान दर्ज किया है.

रफी शेख के माता-पिता ने कुछ युवाओं को परेशान करने का आरोप लगाया है और कहा है कि इसी कारण रफी ने इतना बड़ा कदम उठाया. रफी के माता-पिता ने पुलिस को बताया, 'कुछ दिन पहले रफी के कुछ दोस्तों ने उसका अपहरण किया था. हालांकि, बाद में छोड़ दिया गया.

पुलिस के अनुसार, परिवार ने दावा किया है कि रफी शेख के दोस्तों ने जब उसका अपहरण किया था, तब कुछ आपत्तिजनक वीडियो बना लिया था. इसके बाद वह लगातार उन वीडियोज को शेयर करने की धमकी दे रहे थे.
पीड़ित के परिवार का दावा है कि रफी शेख  कैफे कॉफी डे आउटलेट में एक लड़की से मिलने गए थे और बाद में शाम को नारायण रेड्डी पेटा में अपने दोस्ते से मिले थे, जहां उनसे मारपीट की गई थी.

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, परिवार के बयान के बाद पुलिस ने संदिग्ध मौत का मामला दर्ज किया है. रिपोर्ट के अनुसार पुलिस रफी के दोस्तों से पूछताछ कर सकती है.
रफी शेख  साल 2019 में उस समय चर्चा में आए थे, जब उनकी बाइक का एक्सीडेंट हुआ था. उस दौरान वह अपनी साथी टिकटॉक स्टार सोनिका केथावथ के साथ थे, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई थी. इसके बाद रफी ने टिकटॉक छोड़ने की घोषणा कर दी थी.