2021/01/17

गिरफ्तारी से खुलासा:सोना लूट में ज्वेलरी कारखाने का कर्मी सुमन ही निकला मास्टरमाइंड

PURNIA : भट्‌ठा दुर्गाबाड़ी से 12 जनवरी देर शाम बाइक सवार अपराधियों द्वारा हथियार दिखाकर 326 ग्राम सोने की ज्वेलरी लूटकांड का मास्टरमाइंड ज्वेलरी कारखाना में काम करने वाला कर्मी सुमन कुमार सह नी ही निकला। एसपी दया शंकर ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसका खुलासा किया। उन्होंने बताया कि मामले में ततमा टोली निवासी सुमन कुमार सह नी व कटिहार मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के रहने वाले विजय कुमार को गिरफ्तार किया गया है। 

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की अपाचे बाइक व घटना में उपयोग किए गए 2 मोबाइल भी बरामद किया है। एसपी श्री शंकर ने बताया कि सोना लूटकांड में कुल 5 अपराधी शामिल थे, जिसमें 3 घटना की रात को ही पूर्णिया से बाहर चला गया है। इन तीनों फरार को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। एसपी ने बताया कि 12 जनवरी की शाम करीब 7ः30 से 8ः00 बजे रात्रि के बीच काकून महंतो के दुर्गाबाड़ी स्थित घर के सामने से ही बाइक सवार तीन अपराधियों द्वारा हथियार दिखाकर वादी के बेटे सुदीप महंतो से सोना के लगभग 326 ग्राम जेवरात लूट लिया गया था।

मास्टरमाइंड सुमन के 3 सहयोगियों की तलाश कर रही पुलिस 
एसपी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मैंने तुरंत सदर एसडीपीओ आनंद कुमार पांडे के नेतृत्व में सहायक खजांची हाट थानाध्यक्ष अमित कुमार आदि पुलिसकर्मियों की टीम गठित कर सफल उद्भेदन की जिम्मेवारी सौंपी थी। पुलिस ने सामने लाया कि घटना के वक्त ज्वेलरी कारखाना में काम करने वाला सुमन कुमार सह नी ही इसका मास्टरमाइंड है। पूछताछ की गई तो उसने पुलिस को घटना में शामिल 3 और अपराधियों का नाम बताया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। 

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार सुमन कुमार सह नी उर्फ छोटू ने अपने स्वीकारोक्ति में घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि आर्थिक तंगी होने तथा महाजन के द्वारा पैसे लौटाने के लिए तंग करने पर अपने साथी दिवानगंज निवासी कुंदन सह नी एवं अन्य साथियों के साथ सोना लूट की साजिश रची थी। इससे पहले भी वह एक बार सोना गायब करने की साजिश रची थी जो असफल रही।
लूट में सुमन बना हुआ था लाइनर फोन से दे रहा था हर खबर
एसपी ने बताया कि सुमन उर्फ छोटू ही कुंदन को फोन के जरिए सारी जानकारी दे रहा था। वह लाइनर की भूमिका निभाते हुए सुदीप के कारखाना से निकलते ही सूचना कम्युनिकेट किया। इसके बाद पहले से घात लगाए अपराधियों ने काकून महंतो के घर के पास हथियार का भय दिखाकर वादी के बेटे के पास से 326 ग्राम सोना लूट की घटना को अंजाम दिया। 

पकड़ाये अपराधी सुमन कुमार सह नी की निशानदेही पर ही कुदंन के घर से घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद किया गया। एसपी ने बताया कि जब शक के आधार पर सुमन की गिरफ्तारी हुई तो कांड में संलिप्त मुख्य अपराधी कुन्दन सहनी अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया। वैज्ञानिक अनुसंधान में कुदंन को हथियार मुहैया कराने वाले व भगाने में सहायता करने वाले अपराधी विजय कुमार को गिरफ्तार किया गया।