2021/01/31

बिहार में डबल मर्डर से इलाके में सनसनी ,सड़क किनारे मिली सिरकटी लाश,पुलिस कर रहीं जांच

NALANDA : बिहार के नालंदा जिले में दोहरे हत्‍याकांड ने पुलिस के साथ ही स्‍थानीय लोगों को भी परेशान कर दिया है। नालंदा जिले के बिंद थाना क्षेत्र के कुशहर जाने वाली सड़क किनारे रविवार की सुबह दो युवकों की सिरकटी लाश मिली है। एक शव सड़क किनारे था, वहीं दूसरा शव कुछ दूरी पर पइन में थी। एक ही जगह दो शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। स्‍थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।

पुलिस के मुताबिक दोनों युवकों की हत्या धारदार हथियार से गला काट कर की गई है। फिर शवों को बिहटा-सरमेरा फोरलेन से कुशहर की ओर जाने वाली सड़क किनारे फेंक दिया गया है।रविवार की सुबह राहगीरों ने जब युवकों का शव पड़ा देखा, तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। युवकों की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। दोनों ने जिंस-टीशर्ट व जूता पहन रखा है।

थानाध्यक्ष अभय कुमार ने बताया कि युवकों की पहचान की कोशिश की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। पटना से फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड बुलाने की भी तैयारी है, ताकि हत्यारों का कुछ सुराग हाथ लग सके।