PATNA : बिहार के स्कूल सोमवार से (4 जनवरी) खुल रहे हैं. स्कूलों के साथ कोचिंग संस्थान और हॉस्टल भी संचालित होंगे. हालांकि शैक्षणिक संस्थानों को इस दौरान सरकार की ओर से निर्धारित गाइडलाइन का पालन करना होगा. अभी नौंवी-12वीं की क्लास ही चलेगी. कक्षा में छात्रों की संख्या आधी ही रहेगी. अनिवार्य रूप से उपस्थित होना जरूरी नहीं है. यानि माता-पिता तय करेंगे कि वह अपने बच्चे को स्कूल भेजें अथवा नहीं.
दसवीं- बारहवीं के स्कूल खुलने के 15 दिनों की समीक्षा के बाद सरकार तय करेगी कि जूनियर क्लास खोली जाये या नहीं. सबकुछ ठीक रहा तो 18 जनवरी से कक्षा 1-8 तक के स्कूल खोल दिये जायेंगे. आधे छात्रों को पहले दिन बुलाया जायेगा, बाकी छात्रों की कक्षा दूसरे दिन लगेगी.
छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य होगा. पानी की टंकी, रसोई, शौचालय आदि को सेनेटाइज करना अनिवार्य है. डिजिटल थर्मामीटर, सेनेटाइजर, साबुन की सुविधा रहेगी.
छात्रों के बीच एक-दूसरे से छह फीट की दूरी रखनी होगी. शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने 24 दिसंबर को बताया था कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता पर रखा गया है. प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों के कुलपति , सभी जिला दंडाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारियों को बता दिया है कि कक्षाओं का संचालन निर्धारित गाइडलाइन के मुताबिक होना चाहिए.