PATNA : नए साल में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने आगामी फरवरी में आयोजित होने वाले मैट्रिक और इंटर परीक्षा को लेकर सभी जिलों के लिए नोडल पदाधिकारी नामित किया है. जिन पर दोनों परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन की जिम्मेदारी होगी. इसके तहत दरभंगा प्रमंडल के आरडीडीई सत्येंद्र झा को समस्तीपुर का नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है. इसके साथ ही नोडल पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं.
वस्तुनिष्ठ, लघु और दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों में विकल्पों की संख्या रहेगी दोगुना- छात्रहित में बिहार बोर्ड ने मॉडल पेपर जारी कर प्रश्नों का पैटर्न समझने के लिए प्रोत्साहित किया है. मॉडल पेपर के अनुसार बोर्ड ने सिर्फ प्रश्नों के विकल्प बढ़ाए हैं, उत्तर उतने ही सवालों का देना है, जितना पिछली बार की परीक्षा में परीक्षार्थियों ने दिया था. यह बदलाव इंटर और मैट्रिक के सभी विषयों में किया है. इंटर के आठ व मैट्रिक के 18 विषयों का मॉडल पेपर जारी किये गये हैं. हर विषय में एक-एक मॉडल प्रश्न पत्र डाला गया है. इंटर के विज्ञान, कला और वाणिज्य संकाय के कई विषयों के मॉडल पेपर अभी जारी नहीं हुए हैं.
बोर्ड ने छात्रों को मॉडल पेपर से अभ्यास करने की सलाह दी गयी है ताकि पैटर्न समझने में समस्या उत्पन्न न हो. एचएम शाह जफर इमाम ने बताया कि मैट्रिक में विज्ञान विषय में इस बार 110 सवाल पूछे जाएंगे. इनमें 80 वस्तुनिष्ठ प्रश्न, 24 लघु उत्तरीय और छह दीर्घ उत्तरीय प्रश्न रहेंगे. इन 110 सवालों में परीक्षार्थियों को 55 का ही उत्तर देना है. वहीं मैट्रिक गणित विषय में 138 प्रश्न पूछे जाएंगे. इनमें सौ प्रश्न वस्तुनिष्ठ, 30 लघु उत्तरीय और आठ दीर्घ उत्तरीय होंगे. इनमें 69 सवालों का जवाब परीक्षार्थियों को देना है.