SAMASTIPUR : हसनपुर थाना क्षेत्र की भटवन पंचायत के सिरसिया गांव में पांच दिन पूर्व करेह नदी में डूबी 45 वर्षीय महिला का शव रविवार को निकाला गया। महिला का शव मिलने के बाद स्वजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
करेह नदी के गर्भ में बसा सिरसिया गांव निवासी मो. संजार की 45 वर्षीय पत्नी तबस्सुम खातून बुधवार को बकरी चरा रही अपनी पुत्री को देखने के लिए करेह नदी के किनारे गई। जहां नदी में झुकी एक पेड़ पर चढ़कर पुत्री की तलाश करने लगी।
इसी क्रम में उक्त महिला का पांव फिसल गया और वह नदी में जा गिरी। आसपास के बच्चों द्वारा शोर मचाने पर ग्रामीणों की जुटी भीड़ ने स्थानीय गोताखोरों के सहयोग से शव बरामदगी के लिए प्रयास किया। मगर शव बरामद नहीं हो सका। रविवार की सुबह सिरसिया घाट के निकट लोगों ने पानी में तैरता हुआ शव देख स्वजनों को सूचित किया। पानी में शव तैरने की सूचना मिलते ही दर्जनों ग्रामीणों की भीड़ जुटकर पानी से शव को निकाला।