SAMASTIPUR : DM शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभा कक्ष में बैठक हुई। इसमें गणतंत्र दिवस एवं कर्पूरी जयंती पर आयोजित समारोह की तैयारी को लेकर चर्चा की गई। डीएम ने गत वर्ष की भांति इस साल भी झांकी निकालने का निर्देश दिया। जिला अग्निशामक पदाधिकारी को कार्यक्रम स्थल पर समुचित व्यवस्था एवं पानी छिड़कवाने का निर्देश दिया।
आमंत्रण पत्र के मुद्रण कराने का प्रभार नजारत उप समाहर्ता को दिया गया। डीएम ने इस बार कार्यक्रम में बैठने की व्यवस्था फिजिकल डिस्टेंसिग का अनुपालन करते हुए करने का निर्देश दिया। परेड और झांकी क्षेत्र को छोड़कर पूरे मैदान में ह्वाइट लाइन चूना से सर्किल बना देने को कहा। जिससे फिजिकल डिस्टेंसिग का पालन हो सके।
झंडोत्तोलन स्थल पर ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं अन्य व्यवस्था की जिम्मेवारी एनडीसी संभालेंगे। गणतंत्र दिवस पर कृषि विभाग, आपदा प्रबंधन प्रशाखा, सहकारिता विभाग, महिला विकास निगम, स्वास्थ्य, आइसीडीएस, नगर परिषद, सामाजिक सुरक्षा की ओर से झांकी प्रस्तुत की जाएगी।
डीएम ने कहा कि कोविड-19 के कारण इस बार प्रभात फेरी नहीं निकाली जाएगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन नहीं किया जाएगा। सभी शाखा प्रभारी एवं पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने कार्यालय से बेहतर काम करने वाले एक या दो लोगों को मनोनीत कर उनका नाम भेजें, जिन्हें 26 जनवरी के अवसर पर प्रशस्ति पत्र दिया जा सके।
मुखिया, पंचायत सचिव, स्वास्थ्य, शिक्षा आदि वर्गों के लोगों को चिन्हित कर उनका नाम 20 जनवरी तक सामान्य शाखा को उपलब्ध कराने को कहा गया। सभी विभागों से नाम का चयन कर सामान्य शाखा को दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने डीपीएम जीविका एवं कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग के अनुपस्थित रहने पर स्पष्टीकरण पूछने का आदेश दिया। कोविड-19 प्रोटोकॉल के अंतर्गत सारी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने को कहा गया।
वही जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती के अवसर पर राजकीय समारोह आयोजन से संबंधित बैठक भी की गई। जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती तीन स्थानों पर मनाया जाएगा। जिसमें 24 जनवरी को सुबह 09.30 बजे जिलाधिकारी के आवास के निकट जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। जबकि कर्पूरी ग्राम स्थित स्मृति भवन में सर्वधर्म प्रार्थना सभा एवं जननायक कर्पूरी ठाकुर के तैल चित्र पर माल्यार्पण होगा।
इसके बाद गोकुल कर्पूरी फुलेश्वरी महाविद्यालय एवं रामदुलारी प्रभावती उच्च विद्यालय कर्पूरीग्राम में स्थापित जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। जिलाधिकारी ने हेलीपैड निर्माण, सड़क मरम्मत, यातायात व्यवस्था, स्मृति भवन एवं महाविद्यालय समारोह स्थल पर मेडिकल टीम सर्वधर्म प्रार्थना आमंत्रण पत्र एवं अन्य विषयों पर सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया।