2021/01/09

पटना में 40-50 रुपये घटा मुर्गा का दाम, मरा हुआ कौवा और उल्लू मिलने से हड़कंप, बर्ड फ्लू की आशंका

PATNA :  बर्ड फ्लू के दहशत ने राजधानी पटना में हजारों चिकन दुकानदारों की परेशानी बढ़ गई है. चिकन खाने के शौक़ीन लोगों में बर्ड फ्लू का डर है. वे चिकन खाना कम कर दिए हैं या फिर बंद ही कर दिए हैं. पटना में मरा हुआ कौवा और उल्लू मिलने से लोगों में हड़कंप की स्थिति है. चिकन की बिक्री लगभग 40-50% कम हो गई है. जिसके कारण दाम भी अब बहुत कम हो गया है.

पटना में इन दिनों चिकन खरीददार बहुत कम दिख रहे हैं. मुर्गा की दूकान पर बहुत कम लोग दिख रहे हैं. हालांकि मटन और मछली की दूकान पर लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है. बर्ड फ्लू के दस्तक देने की आशंका को लेकर लोग काफी डरे हुए हैं. राजधानी पटना में एक दिन में चिकन की बिक्री 40 प्रतिशत तक गिर गई है. जबकि मुजफ्फरपुर में 70 मुर्गियों के मृत पाए जाने की वजह से बिक्री कम होने का असर कीमतों पर भी पड़ा है. 

राजधानी पटना और आसपास के इलाकों में ब्रायलर चिकन के दाम प्रति किलो 160 से 180 रुपए प्रति किलो थे जो घट कर 120 से 130 रुपए किलो हो गए हैं. एक दुकान से रोज जहां औसतन 70 से 80 मुर्गे की बिक्री होती थी, वहां अब 45 से 50 मुर्गे ही बिक रहे हैं. इसके साथ ही अंडों की कीमतों में भी गिरावट होने की संभावना है. 


शुक्रवार को पटना के राजीव नगर के पास एक मरा हुआ उल्‍लू मिलने से हड़कंप मच गया. हम आपको बता दें कि इसके एक दिन पहले बिहार वर्किग जर्नलिस्‍ट यूनियन के कैंपस में मरा हुआ कौवा भी मिला था. पक्षियों की मौत से स्‍थानीय नागरिकों को दूसरे कई प्रदेशों में फैले बर्ड फ्लू की आशंका डराने लगी है.

Input-first Bihar