PATNA : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की मैट्रिक परीक्षा - 2021 के लिए एडमिट कार्ड रविवार 10 जनवरी को जारी होगा। एडमिट कार्ड बिहार बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगा। इस एडमिट कार्ड के आधार पर स्टूडेंट्स मैट्रिक परीक्षा समेत इंटरनल एसेसमेंट और प्रैक्टिकल परीक्षा में भी शामिल हो सकेंगे।
ऐसे मिलेगा एडमिट कार्ड
एडमिट कार्ड BSEB की वेबसाइट biharboardonline.com पर रविवार से अपलोड रहेगा। बोर्ड द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सभी माध्यमिक स्कूलों के प्रधान वेबसाइट पर जाकर अपने यूजर आईडी एवं पासवर्ड के माध्यम से कल से एडमिट कार्ड डाउनलोड करेंगे। इसके बाद अपने हस्ताक्षर एवं मुहर के साथ एडमिट कार्ड को संबंधित छात्रों को देंगे। इसी एडमिट कार्ड से छात्र इंटरनल एसेसमेंट/ प्रैक्टिकल परीक्षा एवं फ़रवरी माह में होने वाली मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे।
ये हैं परीक्षाओं की तारीख
बिहार बोर्ड के मैट्रिक के स्टूडेंट्स की इंटरनल एसेसमेंट/प्रैक्टिकल परीक्षा 20 से 22 जनवरी 2021 तक ली जाएगी। वार्षिक माध्यमिक परीक्षा का आयोजन 17 से 24 फ़रवरी 2021 तक किया जाएगा।
प्रैक्टिकल परीक्षा में शामिल होना जरूरी
बिहार बोर्ड ने पहले ही यह साफ़ तौर पर कहा है मैट्रिक की मुख्य परीक्षा में शामिल होने जा रहे सभी स्टूडेंट्स को प्रैक्टिकल परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य है। ऐसा नहीं करने पर उन्हें मैट्रिक की मुख्य परीक्षा में शामिल होने नहीं दिया जाएगा। बोर्ड के निर्देश पर सभी स्कूलों ने प्रैक्टिकल परीक्षा के लिए तैयारी भी शुरू कर दी है।
सेंट अप परीक्षा पास को ही मिलेगा
यह एडमिट कार्ड सेंट अप परीक्षा में उत्प्रेषित विद्यार्थियों के लिए मान्य है। इस परीक्षा में अनुपस्थित/अनुतीर्ण एवं नॉन-उत्प्रेषित विद्यार्थी को विद्यालय द्वारा एडमिट कार्ड जारी नही किया जाएगा।
दिक्कत होने पर हेल्पलाइन का लें सहारा
एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में किसी प्रकार की समस्या होने पर बिहार बोर्ड ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। किसी समस्या के लिए 0612-2232074, 2232257 पर संपर्क किया जा सकता है।