2021/01/10

समस्तीपुर में 11 केंद्रों पर मौलवी-फोकानिया की परीक्षा 11 से,मास्क लगाना अनिवार्य

SAMASTIPUR : फोकानिया एवं मौलवी की परीक्षा 11 जनवरी से शुरू हो रही है। यह परीक्षा जिला अंतर्गत 11 केंद्रों पर होगी। सदर अनुमंडल में सात और रोसड़ा व दलसिंहसराय में दो-दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। 

परीक्षा प्रत्येक दिन दो पाली में होगी। प्रथम पाली प्रात: 8.45 से दोपहर 12 बजे तक एवं दूसरी पाली दोपहर 1.45 से संध्या पांच बजे तक होगी। इसमें 15 मिनट का समय परीक्षार्थियों को प्रश्न पत्र पढ़ने और समझने के लिए होगा। परीक्षा 16 जनवरी तक चलेगी। 

परीक्षा केंद्रों में बालिका उच्च विद्यालय, श्रीकृष्ण उच्च विद्यालय, उच्च विद्यालय धर्मपुर, हरिवंश नारायण उच्च विद्यालय रोसड़ा, बालिका उच्च विद्यालय दलसिंहसराय, कन्या मध्य विद्यालय कचहरी परिसर, मध्य विद्यालय बहादुरपुर, श्री सुंदर उच्च विद्यालय मुक्तापुर, मोडल इंटर विद्यालय, रोसड़ा उच्च विद्यालय, छत्रधारी उच्च विद्यालय दलसिंहसराय शामिल है।

परीक्षा के स्वच्छ एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर प्रत्येक परीक्षा केंद्रों पर विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्यवेक्षक, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। समस्तीपुर सदर, रोसड़ा व दलसिंहसराय अनुमंडल के लिए गश्ती दल सह प्रश्न पत्र दंडाधिकारी का गठन किया गया है, जो पूरी परीक्षा के दौरान निश्चित रूप से संबंधित बैंक से प्रश्नपत्र प्राप्त कर परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षकों को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। शारीरिक तापमान जांच के बाद भी केंद्र में मिलेगा प्रवेश

परीक्षा भवन के वीक्षकों का यह दायित्व होगा कि परीक्षार्थी अनाधिकृत कागजों को अपने साथ परीक्षा कक्ष में नहीं ले जा सकें। परीक्षार्थियों समेत सभी कोटि के कर्मी एवं पदाधिकारी को मास्क लगाना अनिवार्य होगा। मास्क, ग्लव्स, सैनिटाइजर एवं पानी बोतल के साथ ही परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र पर प्रवेश करेंगे। परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों के प्रवेश के समय उनके शारीरिक तापमान की जांच की जाएगी।

शारीरिक तापमान रहने पर परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षा संचालन में लगे सभी वीक्षक, केंद्राधीक्षक, पर्यवेक्षक, पुलिस पदाधिकारी एवं परीक्षा केंद्र पर प्रतिनियुक्त सभी कर्मियों के लिए परिचय पत्र लगाना अनिवार्य होगा। डीपीओ को परीक्षा केंद्रों का मिला जिम्मा

कदाचारमुक्त परीक्षा के संचालन को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने आदेश जारी किया है। इसको लेकर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (लेखा एवं योजना) कृष्ण मोहन ठाकुर को मोडल इंटर विद्यालय, मध्य विद्यालय बहादुरपुर, श्रीकृष्ण उच्च विद्यालय जितवारपुर, कन्या मध्य विद्यालय कचहरी परिसर, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा एवं साक्षरता) रोहित रौशन को हरिवंश नारायण उच्च विद्यालय रोसड़ा, रोसड़ा उच्च विद्यालय, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्राथमिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान) शिवनाथ रजक को उच्च विद्यालय धर्मपुर, बालिका उच्च विद्यालय, श्री सुंदर उच्च विद्यालय मुक्तापुर, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी रविद्र कुमार साह को छत्रधारी उच्च विद्यालय दलसिंहसराय और बालिका उच्च विद्यालय दलसिंहसराय परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया है।