DESK : पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले बिहार से हथियारों की खेप कोलकाता आने लगी है. कोलकाता पुलिस की गुंडा दमन शाखा ने हथियारों के साथ तीन लोगों को कोलकाता से गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किये गये तीन लोगों में एक महिला भी है.
इसी दौरान इडेन गार्डेन स्टेडियम के टिकट काउंटर के पास एक महिला समेत दो लोगों की संदिग्ध गतिविधि देखी गयी. उनसे पूछताछ की गयी, तो पुलिस वालों को कुछ संदेह हुआ. उनके बैग की तलाशी लेने पर उसमें से हथियार बरामद किये गये.
6 पिस्टल और 10 मैगजीन जब्त
रोशनी के कब्जे से 4 पिस्टल (9 एमएम इंप्रोवाइज्ड पिस्टल) और 8 मैगजीन जब्त की गयी, जबकि शाहरुख के पास से 9 एमएम के 2 पिस्टल व 4 मैगजीन बरामद ए. गिरफ्तार महिला दक्षिण 24 परगना जिला के बारुईपुर की निवासी है, जबकि उसका साथी शाहरुख उत्तर 24 परगना जिला के बशीरहाट इलाके का रहने वाला है.
दोनों ने पूछताछ में बबलू नामक एक अन्य शख्स का नाम बताया, जिसे हथियार की खेप पहुंचानी थी. पुलिस ने हासनाबाद थाना अंतर्गत राजापुर गांव के रहने वाले बबलू को भी धर दबोचा.आरोपियों के खिलाफ मैदान थाना में शिकायत दर्ज कर ली गयी है. पुलिस ने बताया कि आरोपी भागलपुर से हथियार लाये थे. उनसे पूछताछ कर पुलिस उनके अन्य साथियों पता लगाने में जुटी हुई है.