2021/01/21

समस्तीपुर गैस सिलेंडर विस्फोट से एक ही परिवार के 11 लोग झुलसे,हॉस्पिटल में सभी भर्ती में एक युवती की हुई मौत

SAMASTIPUR : हसनपुर थाना क्षेत्र के फुलहारा गांव में दस दिन पूर्व शाम में गैस सिलेंडर विस्फोट से एक ही परिवार के 11 लोग झुलसकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। जिसमें मंगलवार की रात इलाज के दौरान 22 वर्षीय निशा कुमारी की मौत हो गई। निशा का ईलाज पीएमसीएच पटना में चल रहा था। शेष 10 जख्मियों की भी स्थिति नाजुक बनी हुई है। निशा की मौत से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है। बता दें कि उक्त गांव के शशिधर मिश्र के घर में 11 जनवरी की देर शाम गैस चूल्हे पर खाना बनाया जा रहा था। 

इसी बीच चूल्हे में गैस की लौ कम होने पर परिवार के एक सदस्य दीया जलाकर गैस सिलेंडर की मरम्मत करने लगे। इसी क्रम में काफी मात्रा में गैस लीक होने के कारण दीये से सिलेंडर में आग लग गई। आग लगते ही तेज आवाज के साथ सिलेंडर में विस्फोटक हो गया। 

इसमें 50 वर्षीय गृहस्वामी शशिधर मिश्र के अलावे हेमंत कुमार झा ( 40), राकेश कुमार मिश्र (42), कल्याण कुमार झा (41), निशा कुमारी (22), खुशबू देवी (27), आकाश कुमार (6), ऋषव कुमार (5), परी कुमारी (3),कोमल कुमारी (6) एवं उर्मिला देवी (70) बुरी तरह झुलस कर जख्मी हो गई। सिलेंडर विस्फोटक की आवाज सुनकर आसपास के जुटे लोगों ने तत्क्षण सभी जख्मियों को इलाज के लिए गांव के ही एक ग्रामीण चिकित्सक के क्लिनिक में भर्ती कराया। 

लेकिन, चिकित्सक ने सभी की गंभीर हालत देख प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया। बेगूसराय के निजी अस्पताल के चिकित्सकों ने सभी जख्मियों की नाजुक हालत देख बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान शशिधर मिश्र की 22 वर्षीया पुत्री की मौत मंगलवार की रात हो गई।