BEGUSARAI:में शाम ढलते ही अपराधियों ने बलिया थाना क्षेत्र के इनियार ढाला के पास बाइक छिनतई का विरोध करने पर दो लोगों को गोली मार दी। फिलहाल दोनों का इलाज निजी क्लीनिक में चल रहा है। दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है।
घायल युवक सिराजा निवासी गंगा पंडित के पुत्र विकास पंडित और दनौली फुलवरिया निवासी रामचरित्र प्रसाद यादव के पुत्र रंजीत यादव हैं। विकास पंडित प्राइवेट शिक्षक हैं जबकि रंजीत यादव किसान हैं। दोनों शादी सम्बन्धी बातचीत (बरतुहारी ) करके बेगूसराय से अपने घर लौट रहे थे।
तभी इनियार ढाला के पास कुछ अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और बाइक छीनने लगे। दोनों ने विरोध किया जिसके बाद अपराधियों ने दोनों को गोली मार दी और बाइक लेकर फरार हो गए।
गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग उधर दौड़ पड़े तब तक अपराधी फरार हो गए। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने दोनों को बेगूसराय के निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। अस्पताल जाकर दोनों घायल युवकों का बयान लिया। पुलिस के अनुसार अपराधियों की धरपकड़ की कोशिश की जा रही है।