2020/12/03

बिहार में 4 बीघा जमीन के लिए मर्डर, किसान को घर से खींचकर मार दी गोली

BIHAR -AURANGABAD:औरंगाबाद के उपहारा थाना क्षेत्र के शंकरडीह गांव में भूमि विवाद में श्रीनिवास शर्मा को गोली मार दी। गांव के ही कुछ लोग बुधवार की दोपहर श्रीनिवास शर्मा के घर जबरन घुस गए, फिर खींचकर बाहर निकाला। गांव के ही नहर के पास ले जाकर लाठी-डंडों से पिटाई की, फिर धारदार हथियार से कई वार किए। मौत नहीं होने पर गोली मारकर भाग गए।

घर में घुस गए थे लोग
वारदात के बाद परिजन आनन-फानन में जख्मी श्रीनिवास शर्मा गोह पीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पेशे से किसान श्रीनिवास शर्मा का गांव के ही लोगों के साथ जमीन विवाद चल रहा था। परिजनों के मुताबिक गांव के ही अशोक वर्मा, जुदागीर महतो सहित 15 से 20 की संख्या में लोग घर में घुस गए थे। वारदात की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है। पूरे मामले की जांच कर रही है। शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

4 बीघा जमीन का विवाद
वारदात के वक्त घर में उनके तीनों बेटे मौजूद नहीं थे। सुजीत कुमार, अमित कुमार और नीतीश कुमार शादी में शिरकत करने के लिए रिश्तेदार के घर गए हुए थे। मृतक के बड़े पुत्र सुजीत कुमार ने बताया कि 4 बिगहा जमीन पूर्वजों से मिला था, जिस पर पिताजी ही खेती करते आ रहे थे। उसी जमीन का अशोक वर्मा फर्जीवाड़ा करते हुए डिमांड बंधवा लिया था, जिसको लेकर लगभग 5 वर्षों से विवाद चल रहा था।