2020/12/05

अस्पताल में बच्चा बदलने का आरोप:सदर अस्पताल में प्रसव के बाद दी गई लड़का होने की जानकारी, बाद में सौंपी गई लड़की

NALANDA : बिहारशरीफ सदर अस्पताल में बच्चा बदली के आरोप में परिजनों ने जमकर हंगामा मचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और छानबीन में जुट गई। 

परिजनों का आरोप है कि प्रसव के बाद बेटा होने की जानकारी दी गई लेकिन बाद में उन्हें बेटी सौंपी गई। अस्पताल प्रबंधन हालांकि इस बात से इंकार कर रहा है।

परिजनों ने बताया कि नूरसराय थाना इलाके के जोलहपुर निवासी मुन्ना रविदास की पत्नी शीला देवी को शुक्रवार की रात सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के बाद जब शीला को बच्चा हुआ, वहीं एक अन्य महिला का भी प्रसव हुआ। 

शीला देवी का आरोप है कि प्रसव के बाद उसे बताया गया कि बेटा हुआ है लेकिन ऑपरेशन के बाद जब उसे होश आया तो पता चला कि बेटी हुई है। इस बात से महिला को शक हो गया कि बच्चा को बदला गया है।

परिजनों ने स्वास्थ्य कर्मी और अस्पताल प्रबंधन पर कार्यवाही की मांग की है। नालंदा के सिविल सर्जन डॉ. राम सिंह ने बताया कि अस्पताल में बच्चा बदलना संभव नहीं है। फिर भी लिखित शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी। 

थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि परिजनों ने लिखित आवेदन दिया है, जिसमें डीएनए जांच की मांग की गई है। मामले पर कार्यवाही की जाएगी।