GOPALGANJ : कुचायकोट थाने में जब्त की गई शराब बेचने के मामले में निलंबित तत्कालीन थानाध्यक्ष सहित चार पुलिस कर्मियों के खिलाफ पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। दाखिल चार्जशीट के आधार पर पुलिस आगे कार्रवाई करने में जुट गई है। निलंबित थानाध्यक्ष सहित चारों पुलिस कर्मी फरार चल रहे हैं। निलंबित थानाध्यक्ष के घर की कुर्की पुलिस कर चुकी है।
वाहन पर लादकर बेचने का वीडियो हुआ था वायरल
बताया जाता है कि तीन अगस्त 2019 को कुचायकोट थाना में जब्त की गई शराब को एक वाहन पर लाद कर बेचने का वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो वायरल होने के बाद मामले की वरीय पदाधिकारियों ने जांच किया तो शराब बेचने का मामला सही पाया गया। इस मामले में तत्कालीन कुचायकोट थानाध्यक्ष रितेश कुमार सिंह सहित चार पुलिस कर्मियों को निलंबित करते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई।
थानाध्यक्ष सहित चारों पुलिस कर्मी फरार
प्राथमिकी दर्ज होने बाद से ही निलंबित थानाध्यक्ष सहित चारों पुलिस कर्मी फरार चल रहे हैं। उत्पाद विभाग के लोक अभियोजक रवि भूषण श्रीवास्तव ने बताया कि तीन अगस्त 2019 में शराब तस्करी करने के मामले में कुचायकोट के तत्कालीन थानाध्यक्ष रितेश कुमार सिंह सहित चार पुलिस कर्मियों को आरोपी बनाया गया था। इस दौरान उत्पाद विभाग की टीम की कार्रवाई के दौरान तत्कालीन थानाध्यक्ष थाना छोड़ कर फरार हो गए थे।
थानाध्यक्ष के पटना स्थित आवास की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई
घटना के बाद तत्कालीन थानाध्यक्ष रितेश कुमार सिंह के पटना स्थित आवास की कुर्की जब्ती भी की गई। लेकिन फरार तत्कालीन थानाध्यक्ष रितेश कुमार सिंह ने सरेंडर नहीं किया। इस मामले में उत्पाद विभाग तथा पुलिस टीम ने र्ट में चार्जशीट दाखिल कर दिया गया।