2020/12/12

समस्तीपुर में प्रतिदिन जाम के झाम में पिस रहे लोग, प्रशासनिक कवायद भी बेअसर

SAMASTIPUR : शहर की चरमराई यातायात व्यवस्था के कारण रोसड़ा में प्रतिदिन जाम के झाम में लोगों का पीसना जारी है। शहर के मुख्य सड़क एसएच- 55 समेत विभिन्न सड़कों पर प्रतिदिन जाम की गंभीर समस्या बनी रहती है। सबसे बुरा हाल सिनेमा चौक से महावीर चौक तक का रहता है। जहां लोगों को पैदल चलने में भी मशक्कत करनी पड़ती है। हालांकि प्रशासन की ओर से इस नासूर समस्या को समाप्त करने के लिए कवायद अवश्य प्रारंभ की गई है लेकिन वह महज खानापूर्ति के साथ अब तक बेअसर ही साबित हुआ है। 

बताते चलें कि लगातार वाहनों के बढ़ते दबाव के बीच सिकुड़ती जा रही सड़क पर प्रतिदिन जाम का नजारा दिखता है। एसएच 55 पर बड़ी दुर्गा स्थान हो या आंबेडकर चौक या सिनेमा चौक से महावीर चौक, गांधी चौक तक प्रतिदिन लोगों को जाम से गुजरना पड़ता है। परेशानी झेल रहे लोग प्रशासन को कोसने से बाज नहीं आते हैं। वही महावीर चौक से गुदरी बाजार एवं ब्लॉक रोड में भी बराबर जाम का नजारा दिखता है।

प्रशासनिक कवायद भी बेअसर : जाम से निजात दिलाने को लेकर प्रशासनिक कवायद भी शुरू हुई है। लेकिन लगातार तीन दिनों से चल रही यह कवायद भी बेअसर दिख रही है। एसडीओ के निर्देश पर प्रतिदिन नपं के पदाधिकारी और कर्मचारी पुलिस बल के साथ दोपहर बाद सड़क पर घूम-घूम कर सड़क किनारे लगे वाहनों एवं ठेला के साथ-साथ सड़क पर दुकान सजाए दुकानदारों को भी चेतावनी देते हुए लगातार जुर्माना वसूल रहे हैं। जानकारी के अनुसार अब तक करीब 200 ऐसे लोगों से जुर्माना वसूला जा चुका है। बावजूद शहर में जाम का झाम कम होने का नाम नहीं ले रहा है।

सड़क का हो चौड़ीकरण, बाईपास का हो निर्माण 

नासूर बन चुके जाम से परेशान लोगों की मानें तो जब तक मुख्य सड़क या बाजार के अंदर जाने वाली सड़कों का चौड़ीकरण नहीं होता है तब तक जाम के झाम से मुक्ति मिलना संभव नहीं है। लोग पुन: एक बार वर्षों से लंबित बाईपास निर्माण की मांग पर भी बल देने लगे हैं। बताते चलें कि शहर की कई सड़कों पर स्थाई अतिक्रमण की समस्या व्याप्त है। इससे पूर्व कई बार प्रशासन द्वारा सघन अतिक्रमण मुक्ति अभियान भी चलाया गया। लेकिन महज कुछ दिनों के बाद ही पहले की स्थिति में वह पहुंच जाती है। दूसरी ओर जाम से मुक्ति के लिए स्थानीय लोग वर्षों से बाईपास निर्माण की मांग शासन और प्रशासन से करते आ रहे हैं। कई जनप्रतिनिधियों द्वारा एसएच 55 में रहुआ से दौलतपुर बाईपास निर्माण का प्रस्ताव भी सरकार और विभाग तक पहुंचाया गया। लेकिन आज तक इस पर कोई सकारात्मक पहल नहीं हुआ है। जिसके कारण लोगों को इस गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है।