2020/12/27

समस्तीपुर : नए साल के जश्न में कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन पड़ेगा महंगा, डीजे पर रहेगी रोक...

SAMASTIPUR : वैश्विक व सदी की सबसे बड़ी महामारी बन चुका कोरोना का प्रभाव 2020 के सभी प्रमुख पर्व-त्योहारों पर रहा। अब नए साल के स्वागत पर भी इसका प्रभाव दिखने लगा है। नए साल के जश्न को लेकर प्रशासन की ओर से कोरोना गाइड लाइन के अनुपालन को अनिवार्य बनाया गया है। 

नए साल का जश्न मनाने की तैयारी करने वालों को कोरोना गाइड लाइन को ध्यान में रखना होगा। जश्न के बीच इसका उल्लंघन रंग में भंग पड़ने जैसा हो सकता है। बताया जाता है कि नए साल को लेकर प्रशासन की नजर शहर के सभी होटलों, रेस्टूरेंट, पार्क या निजी आवास परिसर में मनाए जाने वाले जश्न पर रहेगी।

मास्क, सेनेटाइजर सबके लिए अनिवार्य

इस दौरान मास्क, सेनेटाइजर व सोशल डिस्टेंस का अनुपालन अतिआवश्यक बताया जा रहा है। वहीं 31 दिसंबर की रात को होने वाली पार्टियों के दौरान डीजे के प्रयोग पर रोक लगाई गई है। रात की पार्टी के दौरान इसका प्रयोग करने पर कार्रवाई होगी। वहीं 31 दिसंबर व 1 जनवरी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चुस्त की जाएगी।

चौक-चौराहों पर होगी सघन जांच 

 नए साल को लेकर शराब की तस्करी व इसका सेवन करने वालों पर भी प्रशासन की नजर रहेगी। इसको लेकर हर चौक-चौराहों पर सघन जांच की व्यवस्था होगी। ताकि नए साल के जश्न के दौरान किसी प्रकार की अनहोनी न हो पाए।

सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन जरूरी है
नया साल को लोग जश्न के रूप में मनाते हैं। इस दौरान हमें कोरोना गाइडलाइन का ध्यान रखना होगा। ताकि अपने साथ हम दूसरों को भी सुरक्षित रख सकें। इस दौरान होटल, रेस्टूरेंट, पार्क या घर पर डीजे नहीं बजाना है। इनके उल्लंघन पर कार्रवाई होगी। लाेग घर में ही परिवार के सदस्याें के साथ नया साल काे सेलिब्रेट करें
रविन्द्र कुमार दिवाकर, एसडीओ सदर